भिवानी। भिवानी जिले के नंदगांव के 23 साल के साहिल की कनाडा के टोरंटो शहर में झील में डूबने से मौत की सूचना मिली है। परिजन बेटे की झील में डूबने से मौत पर सवाल उठाते हुए अपहरण और हत्या का संदेह जता रहे हैं। पिता का कहना है कि साहिल अच्छा तैराक था, वह पानी में डूब नहीं सकता उसकी हत्या हुई है। रविवार की शाम को साहिल का शव गांव पहुंचेगा।
परिजनों के मुताबिक, युवक 17 मई से लापता था। 26-27 मई की रात को हैमिल्टन की पुलिस ने परिजनों को साहिल का शव बरामद होने की सूचना दी। भूतपूर्व सैनिक हरीश कुमार ने प्लाॅट बेचकर 40 लाख रुपये खर्च कर बेटे को स्टडी वीजा पर पढ़ाई के लिए कनाडा भेजा था।
हरीश कुमार भारतीय सेना से करीब चार साल पहले बतौर हवलदार सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा 23 साल का साहिल और छोटा बेटा 20 साल का निलेश।
साहिल विदेश में पढ़ाई करना चाहता था। इसी के चलते भूतपूर्व सैनिक पिता ने अपने जीवन भर की कमाई पूंजी और एक प्लाॅट बेचकर 40 लाख रुपये जुटाए और बेटे को कनाडा वेब डिजाइनिंग की पढ़ाई के लिए भेज दिया। लापता होने के करीब 15 दिन पहले ही साहिल कनाडा की टोरंटो यूनिवर्सिटी में पहुंचा था। उसकी वहां नियमित उपस्थिति भी दर्ज है।
बेटा अच्छा तैराक, झील में डूबने का सवाल ही नहीं पैदा होता : हरीश
साहिल के पिता हरीश कुमार का कहना है कि उनका बेटा अच्छा तैराक था, झील में डूबने का तो सवाल ही नहीं पैदा होता है। जिस दिन बेटा लापता हुआ वीडियो कॉल पर उससे बात हुई थी, लेकिन अचानक फोन कट गया। फिर कभी उसका फोन नहीं मिला। गांव के ही कुछ युवक टोरंटो में स्टडी वीजा पर पढ़ाई कर रहे हैं, उनसे संपर्क किया तो पता चला कि साहिल लापता हो गया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसके बेटे का अपहरण और उसके बाद उसकी हत्या की गई है। बेटे की किसी से कोई दुश्मनी या फिर किसी से कोई अनबन की भी बात सामने नहीं आई है। वह कॉलेज भी रोजाना जाता था। नियमित हाजिरी भी लगी है। ग्रामीण कमल यादव ने बताया कि साहिल ने आईलेट्स की परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए थे, इसी आधार पर उसका स्टडी वीजा पर विदेश में पढ़ाई का सपना पूरा होने जा रहा था।
विदेश मंत्री से बेटे की मौत की विस्तृत जांच की मांग
साहिल के परिजनों ने विदेश मंत्री से साहिल की मौत मामले की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। उनका शक है कि बेटे के साथ कुछ गलत हुआ है। उसकी मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए। कॉलेज के 400 मीटर दायरे में साहिल की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, कुछ नहीं पता है। पिता ने बताया कि टोरंटो से साहिल का शव रविवार सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर दिल्ली हवाई अड्डा पहुंचेगा। उसके बाद शाम छह बजे साहिल के पैतृक गांव नंदगांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा।