भिवानी। खेत में पानी लगाते समय मोटर के करंट की चपेट में आने से गांव ढाबढाणी निवासी एक युवक की मौत हो गई।
गांव ढाबढाणी निवासी मदनलाल रविवार को खेत में पानी लगा रहा था। जब वह मोटर चलाने लगा तो उसे करंट लग गया। इस दौरान वह बेसुध होकर गिर गया। परिजन उसे लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जूई कलां पुलिस थाने के जांच अधिकारी गंगाराम ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की है। मृतक तीन बच्चों का पिता था। उसका एक बेटा और दो बेटियां हैं।
मोबाइल टावर के तार की चपेट में आकर भैंस मौत
बवानीखेड़ा। कस्बे में लगे एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर के तार की चपेट में आने से एक भैंस की मौत हो गई। वार्ड छह निवासी रूपचंद ने बताया कि उनका घर मस्जिद के पास है। वहां पर निजी मोबाइल कंपनी का टावर लगा है। शनिवार शाम उनकी भैंस घर के आगे बंधी थी और इस टावर की बिजली की तार की चपेट में आकर भैंस मर गई। वह दुधारू और गर्भवती थी। इसकी बाजारी कीमत 1.25 लाख रुपये बताई गई है। संवाद