भिवानी। राधा चौक नया शिव मंदिर बस स्टैंड क्षेत्र स्थित मकान में 21 अगस्त की रात चोर दीवार फांदकर घुस गया और बेड में रखे दो लाख रुपये चोरी करके ले गया। परिवार के सोते समय हुई वारदात में आहट सुनकर उठे मकान मालिक ने चोर को भागते देखा और पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार फांदकर भाग गया।
राधा चौक नया शिव मंदिर बस स्टैंड क्षेत्र निवासी नवीन कुमार ने औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच एक व्यक्ति दीवार कूदकर घर में घुसा। उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। चोर घर के अंदर बेड में रखे दो लाख रुपये लेकर भाग गया।
घर के अंदर किसी के घुसने की आहट होने पर नवीन कुमार की नींद खुली। उन्होंने एक व्यक्ति को भागते हुए देखा और उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। चोर अंधेरे में दीवार फांदकर भाग निकला। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने चोरी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।