नागरिक अस्पताल में स्थित शवगृह के बाहर खड़े मृतक के परिजन।
भिवानी। कस्बा जूई से जीतपुरा मार्ग पर वीरवार शाम सड़क पर अचानक नीलगाय बाइक के सामने आने से बाइक सवार 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र जतिन की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई 19 वर्षीय विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में विक्रम को पहले जिला नागरिक अस्पताल लाया गया और फिर रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। इसके बाद परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
गांव जीतपुरा निवासी जतिन अपने चचेरे भाई विक्रम के साथ बाइक पर पीछे बैठकर शाम करीब सात बजे जूई जा रहा था। जूई पहुंचने से पहले ही सड़क पर बाइक के सामने नीलगाय आ गई, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर काफी दूर तक घसीटते चले गए। जतिन सड़क पर गिरते ही बेसुध हो गया जबकि विक्रम को गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जतिन को मृत घोषित किया, जबकि विक्रम का इलाज रोहतक पीजीआई और उसके बाद हिसार के निजी अस्पताल में चल रहा है। जूईकलां पुलिस थाने की जांच अधिकारी राजबाला ने बताया कि मृतक जतिन 12वीं कक्षा का छात्र था। वे दो भाई थे और उनके पिता गांव में मजदूरी करते हैं। मृतक के चाचा के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया।