नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। गांव मिताथल-गुजरानी मार्ग पर मंगलवार देर शाम को नहरी पुलिया के पास बाइक पर 53 किलो 600 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए गांव मिताथल के आरोपी जयपाल पुलिस पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। बताया कि पिछले डेढ़ साल से पानीपत के अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर यूपी से नशा लाकर गांव में काला कारोबार करता आ रहा था। पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। सीआईए पुलिस टीम के हत्थे चढ़े जयपाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 16 हजार रुपये प्रति किलो चरस पानीपत से खरीदकर लाता था और यहां 20 से 25 हजार रुपये प्रति किलो बेचता था।
गौर हो कि भिवानी सीआईए एएसआई पंकज कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर गांव मिताथल-गुजरानी मार्ग पर बाइक पर दो कट्टे लेकर जा रहे गांव मिताथल वासी जयपाल को काबू किया था। उससे 53 किलो 600 ग्राम चरस बरामद हुई थी। जयपाल इस चरस को अपने गांव से बाइक पर लेकर भिवानी बेचने के लिए ला रहा था। पुलिस के सामने खुलासा किया वह पानीपत में एक रिश्तेदार के माध्यम से ये माल खरीद करता था। अब पुलिस पानीपत में उसके रिश्तेदार और वहां यूपी से लाई जा रही चरस गिरोह के तार जोड़ने में जुटी है। सीआईए टीम के एएसआई पंकज कुमार ने बताया कि भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किए जाने के बाद आरोपी जयपाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।