बवानीखेड़ा मिष्ठान भंडार में जला सामान।
बवानीखेड़ा। कस्बे में शनिवार सुबह एक मिष्ठान भंडार में शॉर्ट-सर्किट से आग लगने के कारण करीब चार लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से दुकान में रखे डी-फ्रीजर, मिठाइयां, फर्नीचर और बिजली फिटिंग पूरी तरह नष्ट हो गए। गनीमत रही कि घटना सुबह के समय हुई, नहीं तो जनहानि भी हो सकती थी।
जानकारी के अनुसार कस्बे के शहीद गुलाब सिंह पार्क के सामने स्थित सैनी बीकानेर मिष्ठान भंडार में शनिवार सुबह करीब छह बजे अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है।
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगर पालिका प्रधान सुंदर अत्री, गजेंद्र कौशिक और मनीष शंकर मौके पर पहुंचे तथा दुकान मालिक और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंचने से पहले ही दुकानदारों और समाजसेवियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
दुकान मालिक अजय सैनी ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखे तीन डी-फ्रीजर, मिठाइयां, फर्नीचर, बिजली फिटिंग और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। उन्होंने बताया कि दुकान में तैयार रखी मिठाइयां भी खराब हो गईं जिससे आर्थिक नुकसान और बढ़ गया।
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने बताया कि यदि यह आग रात के समय लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि मिष्ठान भंडार के साथ किरयाणा स्टोर, अस्पताल और फैंसी स्टोर भी स्थित हैं। इससे आसपास के लोगों और दुकानदारों को भी भारी नुकसान हो सकता था। दुकानदार ने प्रशासन से आर्थिक मुआवजे की मांग की है।