बवानीखेड़ा। कस्बे के तोशाम रोड पर स्थित एक निजी स्कूल की बस में शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक भीषण आग लग गई। खेल मैदान में खड़ी यह बस आग की लपटों में घिरकर पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
गनीमत रही कि स्कूल में छुट्टी थी जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना पर दमकल विभाग की टीम भिवानी से मौके पर पहुंची लेकिन आग इतनी विकराल थी कि बस को बचाया नहीं जा सका।
स्कूल संचालक भूषण कुमार ने बताया कि शनिवार को स्कूल में छुट्टी थी। स्कूल बस को नियमित सफाई के लिए खेल मैदान में खड़ा किया गया था। शाम करीब 5:30 बजे गेट मैन कर्मवीर ने देखा कि बस से धुआं निकल रहा है। उसने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी और स्कूल संचालक को भी सूचित किया। कुछ ही देर में स्कूल प्रबंधक भूषण टूटेजा मौके पर पहुंचे।
वहीं भिवानी दमकल विभाग से संजय कुमार, उमेश राठी व संजय सिंह अग्निशमन वाहन लेकर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की मगर आग पर काबू नहीं पाया जा सका और बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बवानीखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश भी दल-बल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी ताकि आग लगने की असल वजह सामने आ सके।
बताया गया कि यही बस दो दिन पहले सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 7 फीट नीचे गड्ढे में उतर गई थी। हालांकि उस समय भी कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।