भिवानी। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच भिवानी की ओर से चार दिवसीय स्वदेशी मेला-2025 का आयोजन किया जा रहा है।
मेले की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देने के लिए मंगलवार को आयोजन स्थल बाल भवन वाटिका में पत्रकारों से बातचीत में स्वदेशी मेला प्रमुख राजीव मित्तल ने बताया कि यह मेला 18 दिसंबर से 21 दिसंबर 2025 तक आयोजित होगा। मेला आम जनमानस के लिए प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा। इस चार दिवसीय मेले में प्रदेश भर से विभिन्न स्टार्टअप से जुड़े उद्योगपति भाग लेंगे। इसके लिए कुल 75 स्टॉलें बुक की गई हैं जिन पर स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।
स्वदेशी जागरण मंच के नगर संयोजक संदीप गोयल ने बताया कि स्वदेशी मेले का ध्येय पांच ‘भ’— भाषा, भूषा, भोजन, भवन और भ्रमण पर आधारित होगा। यदि नागरिक इन पांच मंत्रों को अपनाते हैं तो निश्चित रूप से स्वदेशी को बढ़ावा मिलेगा। यह मेला केवल खरीदारी का केंद्र नहीं बल्कि परिवारों के लिए एक सांस्कृतिक उत्सव भी होगा। इस अवसर पर जिला संयोजक धीरज सोनी, कोषाध्यक्ष विजय टुटेजा, विकास अग्रवाल, विनोद प्रजापति, कमल अग्रवाल और मोहित उपस्थित रहे।
पहली बार पगौड़ा स्टाइल के टेंट लगाए गए
भिवानी में पहली बार पगौड़ा स्टाइल के टेंट लगाए गए हैं। पैगोडा टेंट एक ऊँची चोटी वाली, पिरामिड जैसी संरचना है जो अपने आधुनिक और परिष्कृत रूप के लिए लोकप्रिय है। इसकी आकर्षक डिज़ाइन, जिसमें नुकीले शीर्ष हैं, इसे अन्य आयोजन स्थलों से अलग बनाती है। पारंपरिक टेंटों के विपरीत, पैगोडा टेंट सौंदर्य और टिकाऊपन का बेहतरीन मेल है।
-
देश की सबसे बड़ी नोटबुक और देसी भोजन रहेगा आकर्षण का केंद्र
मेले में मिट्टी से बने आभूषण, वर्ष 2022-23 की इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज देश की सबसे बड़ी नोटबुक, शुद्ध देसी सामग्री से बने स्वादिष्ट व्यंजन, महिलाओं द्वारा निर्मित हैंडीक्राफ्ट उत्पादों सहित देशी हरियाणवी ढाणी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। ढाणी में शुद्ध देसी भोजन जैसे बाजरे की रोटी, कढ़ी, मक्के की रोटी और सरसों का साग उपलब्ध रहेगा।
महिला सम्मेलन 19 और व्यापारी सम्मेलन 21 को
19 दिसंबर को महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जिसमें स्वदेशी, स्वावलंबन, नैतिक व्यापार और सामाजिक कार्यों में रुचि रखने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। 21 दिसंबर को व्यापारी सम्मेलन आयोजित होगा जिसमें स्वदेशी, स्वावलंबन, नैतिक व्यापार और सामाजिक सहभागिता से जुड़े व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चारों दिनों में स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा।