भिवानी। दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे पर कुसुंभी मोड़ के पास घर से खेत जा रहे गांव धीराना माजरा देवसर निवासी 43 वर्षीय परवीत की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जूईकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
परवीत शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अपने घर से बाइक पर खेत जा रहा था। जैसे ही वह कुसुंभी मोड़ के नजदीक पहुंचा तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में परवीत की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पिता रामनिवास ने बताया कि परवीत खेती करता था। उसके तीन बच्चे हैं दो बेटियां और एक बेटा। उन्होंने कहा कि हादसा अचानक हुआ जिससे पूरा परिवार सदमे में है। जूईकलां थाना के जांच अधिकारी एचसी पवन ने बताया कि मृतक के पिता की रामनिवास की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।