बवानीखेड़ा। कस्बे से 2 किलोमीटर दूर बवानीखेड़ा-खेड़ी दौलतपुर मार्ग पर कुंगड़ निवासी सत्यवान (55) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे संदीप के बयान पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस में दी लिखित शिकायत में मृतक के बेटे संदीप ने बताया कि उनका पिता चार मार्च को अपने रिश्तेदारी दुभेठा से वापस अपने घर कुंगड़ आ रहे था। लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचे। उनके परिवार को चिंता होने लगी और उन्होंने अपने रिश्तेदारी दुभेठा में टेलीफोन द्वारा अपने पिता की सूचना ली।
उन्होंने उसके पिता को वहां से अपने गांव चले जाने के बारे में बताया। इसके बाद उन्होंने रात को अनेक रास्ते पर ढूंढा लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं लगा। सुबह 5 मार्च को उन्होंने पुलिस में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस ने जमालपुर मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए उसमें उसका पिता बवानीखेड़ा की ओर अपने बाइक पर सवार होकर शाम लगभग 6 बजे आता दिखाई दिया।
उसके बाद खेड़ी मार्ग पर फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा जांच किया वहां भी 6:36 पर जाता दिखाई दिया। लेकिन उससे आगे उसका कहीं पता नहीं चला और ना ही वह अपने घर पहुंचा। इसके बाद उन्हें खेड़ी मार्ग पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पास बाइक का वाइजर टूटा हुआ मिला और गेहूं की फसल के पास सड़क के किनारे झाड़ियां में बाइक व उसके पिता का शव दिखाई दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई कर भिवानी के नागरिक अस्पताल में मोर्चरी हाउस में रखवा दिया तथा वीरवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि मृतक सत्यवान के बेटे संदीप के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।