राजमिस्त्री को पर्स लौटाती नैंसी।
भिवानी। बच्चों को ईमानदारी का सबक सिखाना बेहद जरूरी है ताकि वे बेहतर नागरिक बन सकें। इसी तरह का उदाहरण गवार फैक्टरी क्षेत्र निवासी नौ साल की नैन्सी ने पेश किया है। नैन्सी को करीब दो दिन पहले सड़क पर लावारिस हालत में पर्स पड़ा मिला था। जिसके अंदर तीन से चार हजार रुपये और जरूरी कागजात थे। नैन्सी ने इस पर्स के अंदर चालक लाइसेंस पर लिखे पते के आधार पर मालिक को तलाशा और परिजनों के साथ पहुंचकर पर्स लौटाया।
पर्स राजकुमार का था जो राजमिस्त्री का काम करता है। करीब दो दिन पहले उसका पर्स गुम हो गया था। नैन्सी की ईमानदारी से प्रभावित होकर राजमिस्त्री ने उसे इनाम देना चाहा तो नैन्सी ने लेने से मना कर दिया। नैन्सी के पिता शमशेर सिंह रंगा ने बताया कि उसकी बेटी सरकारी स्कूल की पांचवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। बेटी ने पर्स पड़ा मिलने की जानकारी उन्हें दी थी। इसके बाद से ही उसे वापस करने की जिद कर रही थी।