तोशाम (भिवानी) । कस्बे के मुख्य चौक स्थित दो मंजिला पंसारी की दुकान में रविवार देर रात साढ़े दस बजे भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया जबकि आग की भीषण तपिश से भवन की दोनों छतें गिरने से पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। पीड़ित दुकानदार ने बिल्डिंग सहित करीब 1.30 करोड़ रुपये के नुकसान का दावा करते हुए सरकार और प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की चार दमकल गाड़ियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे आसपास के लोगों ने मुख्य चौक स्थित जगदीश पंसारी की दो मंजिला दुकान की छत से आग की लपटें उठती देखीं। लोगों ने तुरंत दुकान मालिक, पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आग दूसरी मंजिल पर होने के कारण स्थानीय निवासी कुछ नहीं कर सके और दमकल विभाग का इंतजार करते रहे।
भिवानी से दमकल गाड़ी को तोशाम पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। इस दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग ने दुकान में रखे किराना, पंसारी और देसी दवाइयों के सामान को पूरी तरह नष्ट कर दिया। साथ ही आग की तपिश से भवन की दोनों मंजिलों की छतें धमाके के साथ गिर गईं जिससे पूरी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।
दुकानदार बजरंग पंसारी ने बताया कि दुकान की छत पर शॉर्ट सर्किट से आग लगी जो तेजी से नीचे तक फैल गई। उन्होंने बताया कि आग में लाखों रुपये का सामान, फर्नीचर और बिल्डिंग नष्ट हो गई। उनके अनुसार कुल नुकसान करीब 1.30 करोड़ रुपये का हुआ है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से तोशाम में स्थायी रूप से अग्निशमन विभाग की गाड़ी उपलब्ध करवाने की मांग की। तोशाम व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र मलिक ने कहा कि दमकल गाड़ी के देर से पहुंचने के कारण नुकसान अधिक बढ़ा। उन्होंने पीड़ित व्यापारी को उचित मुआवजा देने की मांग की।
श्रुति चौधरी व किरण चौधरी ने फोन पर की पीड़ित व्यापारी से बात
पूर्व राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी और कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने एसडीएम व पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उनके निर्देश पर सोमवार को भाजपा संयोजक हरि सिंह सांगवान, वाइस चेयरमैन सुनील भारीवास, पूर्व चेयरमैन सुखबीर, रामबिलास सागवनिया, पंकज बालकिया, रामनरेश और पूर्व सरपंच अनिल सालेवाला ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। भाजपा संयोजक हरि सिंह सांगवान ने किरण चौधरी को स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद किरण चौधरी ने दुकानदार जगदीश से फोन पर बात कर आश्वासन दिया कि सरकार और प्रशासन उनके साथ हैं तथा उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
एसडीएम को भी दिए निरीक्षण के निर्देश
किरण चौधरी ने तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार से फोन पर बात कर घटना का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मौके का निरीक्षण किया है तथा उचित कार्रवाई की जाएगी।
व्यापारी को तुरंत मुआवजा दे सरकार : बजरंग गर्ग
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कान्फेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने मुख्य चौक तोशाम में प्रमुख व्यापारी जगदीश गर्ग और बजरंग पंसारी की दुकान में आग लगने से करीब 1.30 करोड़ रुपये के नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तोशाम में दमकल विभाग की गाड़ी का न होना गंभीर विषय है। सरकार को तुरंत प्रभाव से मार्केट कमेटी के अधीन तोशाम में दो फायर ब्रिगेड गाड़ियां उपलब्ध करवानी चाहिए। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार से पीड़ित व्यापारी को जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की। इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रधान जोगेंद्र मलिक, जगदीश गर्ग, बजरंग पंसारी, सचिव युधिष्ठिर शर्मा, सहसचिव राजेश गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल और प्रदेश सहसचिव निरंजन गोयल मौजूद रहे।