भिवानी। शहर के पॉश इलाके सेक्टर 13 में प्रोफेसर दंपती के मकान में बुधवार रात कच्छा चोर गिरोह के सदस्यों ने परिवार को बेडरूम में बंद कर पूरे घर को खंगाल डाला। चोर घर के अंदर से करीब चार लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर ले गए। वारदात की सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम भी पहुंची जिसने चोरों का सुराग लगाने के लिए तथ्य जुटाए। वहीं आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
शहर में पिछले कुछ दिनों से कच्छा चोर गिरोह सक्रिय है। पिछले सप्ताह भी कच्छा चोर गिरोह ने एक मकान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जिसमें रात के समय कच्छा पहने संदिग्ध चोर दिखाई भी दिए थे। लेकिन इनका पुलिस कोई सुराग लगा पाती, इससे पहले पाॅश इलाका सेक्टर 13 निवासी ललिता गुप्ता व उसके पति संजीव गुप्ता के घर को निशाना बना डाला।
ललिता गुप्ता व संजीव गुप्ता ने बताया कि वे दोनों ही चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में बतौर प्राध्यापक कार्यरत हैं। वीरवार सुबह पांच बजे जब वे उठे तो बेडरूम का बाहर से दरवाजा बंद मिला। उन्हें कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ। पड़ोसियों ने अंदर दाखिल होकर बेडरूम से उन्हें बाहर निकाला। जब जांच की तो घर की रसोई की खिड़की की ग्रिल तोड़कर चोर अंदर घुसे थे।
चोर अलमारी से चार लाख रुपये और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद फ्रिज से बादाम निकालकर भी खा गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल तहकीकात में जुटी है। सिविल लाइन पुलिस थाना प्रभारी सुमित कुमार ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात चोरों पर प्राथमिकी दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।