लोहारू । कस्बे के पिलानी रोड स्थित गोशाला के सामने जोहड़ी से पुलिस ने मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का गला-सड़ा शव बरामद किया। दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही लोहारू थाने के जांच अधिकारी एसआई लालजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिवानी नागरिक अस्पताल भेज दिया।
प्राथमिक जांच में शव लगभग 5 से 7 दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक ने गोल गले की टी-शर्ट और कैफरी जैसी पैंट (जेब सहित) पहनी हुई थी। उसके हाथ पर रक्षा सूत्र भी बंधा हुआ मिला है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पहले लोहारू उप-नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिवानी रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए हैं।