तोशाम। कस्बे में सोमवार को झील के पास एक डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार 12वीं की छात्रा मुस्कान की मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक और दूसरी छात्रा दिव्या को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने बाइक चालक की शिकायत पर डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार सुबह गांव दरियापुर निवासी विनोद अपने गांव से बाइक पर तोशाम आ रहा था। पिंजोखरा गांव के पास दो लड़कियां उसके साथ तोशाम जाने के लिए बाइक पर बैठ गईं। जैसे ही वह सुरेंद्र सिंह झील पहुंचा पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के कारण मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई। दूसरी लड़की दिव्या और बाइक चालक विनोद को हल्की चोटें आईं। मृतका मुस्कान मॉडल संस्कृति राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तोशाम की 12वीं कक्षा की छात्रा थी।
सूचना मिलने पर तोशाम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक चालक के बयान दर्ज कर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
दिन के समय बाजार से होकर गुजर रहे ओवरलोड वाहन
इस मामले में व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र मलिक ने कहा कि पुलिस की यह बड़ी लापरवाही है। बड़े वाहन बाईपास होकर जाने चाहिए लेकिन भारी वाहन स्कूल के समय भी बाजार से होकर गुजरते हैं। इसी वजह से सोमवार को हादसे में एक छात्रा की जान चली गई। उन्होंने कहा कि बार-बार थाना प्रभारी को इस मामले से अवगत करवाया गया लेकिन फिर भी लापरवाही बरती जा रही है।