अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बुधवार दोपहर दो बजे शुरू हुई बरसात वीरवार रात तक जारी थी। रूक-रूककर हो रही बरसात लोगों के लिए परेशानी बनी रही। 30 घंटे में भिवानी में 70 एमएम से अधिक बरसात हो चुकी है। वीरवार को दोपहर, शाम और रात को तेज बरसात हुई। शहर के अनेक मार्गों पर बुधवार को हुई बरसात का पानी भी नहीं निकल पाया था कि वीरवार को हुई बरसात से हालात और बिगड़ गए। शहर के नीचले इलाकों में पानी निकासी नहीं होने से लोगों को ज्यादा परेशानी हुई।
भिवानी में बुधवार को दोपहर दो बजे बरसात शुरू हुई थी जो रात को भी जारी रही। वीरवार सुबह बरसात से राहत मिली, मगर दोपहर को करीब एक बजे बरसात शुरू हुई जो रुक-रुककर रात तक चलती रही।
बरसात से लोगों को गर्मी से तो छुटकारा मिला लेकिन जलभराव आफत बन गया। शहर के नीचले इलाकों हनुमान ढाणी, पुराना बस स्टैंड से नया बाजार मार्ग, दिनोद गेट वैश्य मॉडल स्कूल के सामने, हनुमान गेट, दादरी गेट क्षेत्र, पटेल नगर, बीटीएम चौक से रेस्ट हाउस मार्ग, हांसी रोड, पुराना हाउसिंग बोर्ड, हुडा पार्क के सामने, इंडस्ट्रीज एरिया, रोहतक गेट, सब्जीमंडी के पीछे, एमसी कॉलोनी, भारत नगर, बस स्टैंड के सामने आदि क्षेत्रों में जलभराव रहा।
बाल्टियों, डिब्बों से निकाला बरसाती पानी, जनस्वास्थ्य विभाग को कोसा
शहर के हनुमान गेट क्षेत्र, हनुमान ढाणी, पुराना बस स्टैंड, दिनोद गेट क्षेत्र, कन्हीराम अस्पताल क्षेत्र, बीटीएम चौक क्षेत्र, दिनोद गेट वैश्य मॉडल स्कूल के पास जलभराव के कारण लोगों को अपने घरों और दुकानों से बाल्टियों, डिब्बों से पानी निकालते देखा गया। लोग पानी निकाल रहे थे और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कोस रहे थे।
धंसी सड़के और अधूरे निर्माण कार्य बने परेशानी
जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में अलग-अलग जगह सीवर लाइन और पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। अब यह अधूरा कार्य आमजन के लिए परेशानी बन गया है। एमसी कॉलोनी मोड़ के पास बरसाती पानी निकासी के लिए बड़ा नाला बनाया जा रहा है। पिछले दिनों नेशनल हाईवे तोड़ यहां पाइप लाइन दबाई गई थी, मगर वहां ऐसे ही छोड़ दिया गया। अब बरसात के कारण खोदी गई मिट्ठी जमीन में नीचे बैठ गई है। ऐसे में यहां गड्ढा बन गया है और हादसों पर हादसे हो रहे हैं। ऐसा ही हाल एमसी कॉलोनी मोड़ का है। नेहरू रोड पर सीवर लाइन डाली जा रही है और काफी खुदाई की गई है। यहां समस्या ज्यादा रही। यहां अधिकतर घरों के पास ही खुदाई होने और चिकनी मिट्टी के कारण फिसलन होने से लोगों को खासी परेशानी हुई।
पिछले 30 घंटे में कहां कितनी हुई बरसात
ब्लॉक बरसात
भिवानी 70 एमएम
लोहारू 35 एमएम
तोशाम 22 एमएम
सिवानी 27 एमएम
बवानीखेड़ा 32 एमएम
वर्जन:::
बारिश रूकते ही पानी निकाला जा रहा है। बुधवार को हुई बरसात का पानी अधिकतर क्षेत्रों में निकाल दिया गया। वीरवार को हुई बारिश का पानी भी बारिश रुकने के बाद निकाल दिया जाएगा।
-आरके मुंझाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग