भिवानी। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गांव घुसकानी में कराए जा रहे विकास कार्यों की एडीसी डा. संगीता तेतरवाल ने समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में डॉ. तेतरवाल ने पंचायत एवं विकास और पंचायती राज के अधिकारियों को गांव में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गांव में गलियों का निर्माण कार्य व स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उल्लेखनीय है कि सांसद आदर्श योजना के तहत गांव घुसकानी को सांसद दुष्यंत चौटाला ने गोद लिया हुआ है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गांव में स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। गांव में स्थापित स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों का अभाव न हो। इसी प्रकार से अतिरिक्त उपायुक्त ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भिवानी को निर्देश दिए गांव में युवाओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं ताकि युवाओं को स्व रोजगार की जानकारी मिले।
डॉ. तेतरवाल ने गांव में कौशल विकास और आजीविका मिशन के तहत भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार से उन्होंने पशुपालन विभाग को पशु अस्पताल के नए भवन के निर्माण कार्य शीघ्र करवाने को कहा। उन्होंने खेल विभाग को गांव के युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का प्रबंध करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों के एस्टीमेट बनाकर बनाए गए हैं, उनकी उच्चाधिकारियों से बातचीत करके शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। इस मौके पर एसडीएम अजय चौपड़ा, तहसीलदार संजय बिश्रोई, जिला समाज कल्याण अधिकारी केएल भारद्वाज, कल्याण अधिकारी विनोद चावला, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा आदि रहे।
फोटो : 01