अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। प्रदेश की सांस्कृतिक विधाओं को बढ़ावा देने के लिए स्वर्ण जयंती वर्ष के मौके पर प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। पहली बार जिला और प्रदेश स्तर पर ब्रास बैंड प्रतियोगिता होगी। जिला स्तर पर 20 से 22 जुलाई तक यह प्रतियोगिता होगी। इसमें शामिल होने के लिए आवेदन आमंत्रित किए जा चुके हैं। इसकी अंतिम तारीख 18 जुलाई है। निर्धारित अवधि के बाद आवेदन स्वीकृत नहीं होंगे। इच्छुक बैंड पार्टी अपना आवेदन लघु सचिवालय स्थित सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कार्यालय के कमरा नंबर सात में जमा करवा सकते हैं।
नगराधीश महेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदर्शन की अवधि 10 मिनट की होगी। इस दौरान ब्रास बैंड पार्टी को एक देश भक्ति गीत की धुन और एक अपनी पसंद की धुन बेहतर तरीके से बजाकर सुनानी होगी। पार्टी सदस्यों को साफ-सुथरी ड्रेस पहनना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की श्रेणियां बनाई गई हैं। इनमें व्यावसायिक एवं ओपन बैंड, राजकीय स्कूल, प्राइवेट एवं केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। व्यावसायिक एवं ओपन बैंड प्रतियोगिता में लीड मास्टर और कम से कम आठ सदस्यों का होना अनिवार्य है। इसमें चार ब्रास यंत्र होने चाहिए। स्कूली बैंड प्रतियोगिता में सदस्यों की संख्या चार निर्धारित की है। इसमें दो म्यूजिकल यंत्र होना जरूरी है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को क्रमश: 25 हजार, 20 हजार और 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।