देवराला की वाल्मीकि बस्ती में पानी की किल्लत, घड़ों के साथ किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
एक सप्ताह से पानी की किल्लत होने के कारण देवराला गांव की वाल्मीकि बस्ती के लोगों ने सड़क पर घड़े लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की मोटर एक महीने कई बार खराब हो जाती है। लेकिन, स्थाई प्रबंध न होने के कारण लोगों को तपती गर्मी मे पानी दूर से लाना पड़ता है।
वाल्मीकि बस्ती की महिलाएं कैलाशो देवी, कांता देवी, संजू देवी, सपना, अंजू, सगीता आदि ने बताया कि गांव में पानी की बहुत किल्लत है। पानी सरकारी भवनों से लाना पड़ता है। लेकिन, दो दिन से पानी की सप्लाई नहीं होने से एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। गांव के लोगों आपसी सहयोग से नई मोटर लाए थे। लेकिन, पता नहीं मोटर जल्दी कैसे खराब हो जाती है। पानी की मोटर 15 दिन पहले नई लगाई थी। अब यह फिर से खराब हो गई है। लोगों को वाहनों का सहारा लेकर पानी दूर से लाना पड़ता है। घर का काम छोड़कर सारा दिन पानी की दौड़ में लगा रहना पड़ता है।