भिवानी। आज घरों से निकलने से पहले यात्री यह पता कर लें कि उनके रूट पर रोडवेज बस है या नहीं। क्योंकि जिले से 84 रोडवेज बसें कार्यकर्ताओं को हिसार में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लेकर जाएंगी। कुल 154 बसें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाएंगी। इस कारण लंबे रूटों सहित ग्रामीण रूटों पर बस सेवा प्रभावित हो सकती हैं।
दरअसल, सोमवार 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिसार एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के लिए पहुंचेंगे। कार्यक्रम में जिले से कार्यकर्ताओं को लेकर जाने के लिए प्रशासन द्वारा रोडवेज बसों के साथ-साथ निजी स्कूलों की बसों की व्यवस्था की गई है। जिले से सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को लेकर जाने के लिए 39 रोडवेज बसें लगाई गई हैं। वहीं 45 रोडवेज बसें भाजपा जिला अध्यक्ष द्वारा ली गई है। जिनमें भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में लेकर जाया जाएगा।
वहीं आरटीए विभाग द्वारा कार्यक्रम में जाने वालों के लिए 70 प्राइवेट स्कूलों की निजी बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें सोमवार देर सायं तक लौटेंगी। वहीं रोडवेज बसें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जाने के बाद रूटों पर परिवहन व्यवस्था बिगड़ सकती है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सोमवार को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को लेकर रोडवेज बसें हिसार जाएंगी। जिनमें 84 रोडवेज व 70 प्राइवेट स्कूलों की निजी बसें शामिल हैं। रविवार शाम को ग्रामीण क्षेत्रों में हिसार जाने के लिए बसें खड़ी करवा दी जाएंगी।
- दीपक कुंडू, जीएम, भिवानी डिपो।