लोहारू। सांसद धर्मबीर सिंह ने मंगलवार को लोहारू में हावड़ा जैसलमेर सुपरफास्ट रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने एक नई रेल जन शताब्दी प्रतिदिन दिल्ली से बीकानेेर के बीच चलने की बात कही। सांसद ने कहा कि हावड़ा से चलकर जैसलमेर जाने वाली सुपर फास्ट ट्रेन का ठहराव मंगलवार से लोहारू जंक्सन पर किया गया है जो एक ऐतिहासिक पल है। इस रेलगाड़ी से लोहारू क्षेत्र हावड़ा से जैसलमेर तक सीधा जुड़ जाएगी तथा इसका व्यापार पर सीधा असर पड़ेगा। राजस्थान की सीमा के साथ लगता लोहारू प्रारंभ से ही व्यापार के लिए प्रसिद्ध केन्द्र रहा है। दूरगामी रेलों के यहां से सीधा आवागमन होने से आमजन को लाभ मिलेगा। इससे पूर्व सांसद ने शहीद महावीर किसान भवन में किसानों से बैठक की और शहीद भवन में नए निर्माण के लिए 21 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। इस मौके पर एडीआरएम सुरेश चन्द्रा, एसीएम जितेन्द्र शर्मा, भवन कमेटी प्रधान प्रेमसिंह झांझड़ा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य वरुण श्योराण, नरेश गर्ग बासिया आदि मौजूद रहे।