अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने एक नई शुरुआत-मुख्यमंत्री से सीधी बात कार्यक्रम के दौरान हलका बवानीखेड़ा के गांव चांग, पुर और बलियाली में सीधे संवाद कर सरकार द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही लोगों के मन की बात को भी जाना। उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत करवाए गए एक-एक कार्यों के बारे में पंचायत प्रतिनिधियों व संबंधित विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा की गई घोषणाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकार द्वारा अब तक लागू की गई उन योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली, जिनकी हुक्कों पर बैठकर बुजुर्ग चर्चा करते हैं। सीएम ने लोगों से योजनाओं में सुधार व नई योजना लागू करने के बारे में सुझाव भी लिए।
मुख्यमंत्री मनोहलाल खट्टर ने रविवार को अपने कार्यक्रम की शुरूआत चांग गांव के स्कूल में आयोजित कार्यक्रम से की। सबसे पहले सरपंच देवेंद्र कालड़ा ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया और गांव की मांग रखी। सरपंच ने गंदे पानी की निकासी व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कों, नंदीशाला के लिए अनुदान राशि, पीएचसी में रिक्त पदों पर भर्ती, आईटीआई दोबारा शुरू करने, खस्ताहाल गलियां बनवाने की मांग रखी।
मुख्यमंत्री ने सभी मांगे पूरी करने की घोषणा करते हुए कहा कि इनमें कुछ की संभावनाओं की जांच करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाकी जो संभव वे पूरी की जाएगी। करीब 40 करोड़ से ये मांगे पूरी करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि गांव बड़सी को महाग्राम योजना में शामिल किया गया है, जिसके तहत वहां पर 15 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की जा चुकी है। सीधी बात के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव बड़सी से मेहंदा तक सड़क मार्ग का निर्माण करने, बड़सी से गढ़ी सड़क, बड़सी से चौरटापुर, बड़सी गुजरान में पंपिंग स्टेशन व्यवस्था पंचायत से पब्लिक हेल्थ को देने आदि घोषणाएं की।
गांव बलियाली में ग्राम पंचायत बलियाली, सुई, रामुपुरा, बवानीखेड़ा शहर, पपोसा, रोहणात,रतेरा, जमालपुर, बोहल, सिपर, सुमरा, सुमरा खेड़ा, जाटू लोहारी, जीताखेड़ी, ढ़ाणी कुशाल, प्रेम नगर, तिगड़ाना, सिकंदरपुर, मिलकपुर के पंचायत प्रतिनिधियों से सीधी बात की। उन्होंने कहा कि महाग्राम योजना के तहत गांव बलियाली में विकास कार्यों पर 15 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। मुख्यमंत्री ने गांव बलियाली में समुचित पेयजल आपूर्ति के लिए जल वितरण नवीनीकरण योजना की जांच के आदेश दिए। उन्होंने गांव बलियाली से गांव लोहारी जाटू सड़क मार्ग का निर्माण करवाने, प्रेम नगर पार्क चार दिवारी बनवाने,तिगड़ाना की फिरनी, सूई माईनर की मरम्मत, बवानीखेड़ा में योगशाला का निर्माण करवाने आदि घोषणाएं की।
एंट्री पर ही पता लगता था भिवानी आ गया
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले खेरड़ी मोड़ से भिवानी में प्रवेश करते ही पता लग जाता था कि भिवानी आ गया है। खस्ताहाल सड़क भेदभाव स्वयं दर्शाती थी। हमने प्राथमिकता के आधार पर इसे फोरलेन बनाया। ये ही नहीं पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवाए। नौकरियों में पारदर्शिता बरती जिससे बिना पैसे दिए युवाओं की नौकरी लग सके।
प्रदेश के 126 बड़े गांवों में शहर की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं
चांग के राजकीय विद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने कहा कि प्रदेश के 126 बड़े गांवों, जिनकी आबादी 10 हजार से अधिक है में शहर की तर्ज पर विकास कार्य करवाए जाएंगे।प्रत्येक व्यक्ति को 130 लीटर पानी उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखते हुए बड़े गांवों में लाइनें बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव हमारी आत्मा है और गांव में हमारी संस्कृति बसती है।
33केवी सब स्टेशन का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने गांव खरक कलां में साढ़े पांच करोड़ की लागत से तैयार हुए 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बवानी खेड़ा हलका में विकास कार्यों पर 230 करोड़ रूपए खर्च हो चुके है और आज मंजूर की जाने वाली योजनाओं पर 40 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। विकास कार्यों के लिए सरकार का खजाना खुला हुआ है।
हर बच्चा लगाएगा पौधा, करेगा देखभाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब विद्यार्थियों के सहयोग से प्रदेश में 22 लाख पौधे लगवाने जा रही है। छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी को अपने घर या आसपास सार्वजनिक स्थान पर एक वृक्ष का रोपण करना है और तीन साल तक उसकी देखभाल करनी है। इसके बदले विद्यार्थी को प्रोत्साहन के रूप में तीन सौ रूपए दिए जाएंगे।
24 घंटे में सिलिंडर नहीं मिले तो डीसी का ठा लाइयो
चांग में जनसभा के दौरान सीएम ने पूछा कि यहां किसके घर सिलिंडर नहीं है। जिस पर छह महिलाओं ने हाथ ऊपर किए। उन्होंने तुरंत डीसी को निर्देश दिए कि 24 घंटे में इन्हें उज्जवला योजना के तहत सिलिंडर मुहैया करवाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर सिलेंडर ना मिले तो डीसी के घर का सिलिंडर उठा लाना। यहीं बात उन्होंने पुर और बलियाली में भी कहीं।
-----------
दूसरी सरकारों ने की कोरी घोषणाएं, बीजेपी ने किए नए आयाम स्थापित : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने 42 मिनट जनता को दिया भाषण तो 52 मिनट सरपंचों से किए सवाल-जवाब
बवानी खेड़ा।
मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने बवानीखेड़ा के गांव पुर और बलियाली में हुई जनसभाओं में सरकार की उपलब्धि गिनवाई और विकास कार्यों के लिए रखी मांगों को पूरा करने की हामी भरी। मुख्यमंत्री गांव पुर मेें लगभग 1:18 पर पहुंचे और 2:00 बजे तक राजकीय विद्यालय के ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया 24 मिनट के ब्रेक के बाद 2:24 से 3:18 तक सरपंचों से रूबरू हुए। गांव के सरपंच शेर सिंह ने उनका स्वागत किया। उन्होंने गांव पुर में हरिजन चौपाल के पास 63केवी के ट्रांसफार्मर लगवाने, ब्राह्मण धर्मशाला के निर्माण, तालू-सिवाड़ा माईनर, जलघर के लिए अतिरिक्त टैंक बनवाने, नए पंचायत भवन के निर्माण, कच्ची गलियों के निर्माण, डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन निर्माण, गांव के तीन तालाब देसर, मालसर, काठन की रिटर्निग वाल सहित अन्य मांगों का मांग पत्र मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने मंच पर कहा कि वे विभाग के अधिकारियेां से इसका मुआयना करवाकर इसेे अमलीजामा पहनाने का काम करेंगें। उन्होंनें 52 मिनट तक 18 पंचायतों के सरपंचों से सवाल-जवाब किए और उनके मांगपत्रों को सुना।
स्टाफ की कमी के कारण विद्यालय छोड़ सकती हैं छात्राएं
राजकीय विद्यालय की छात्राओं ने भी गांव में बिजली पानी की समस्या सहित विद्यालय में गणित, संस्कृत के अध्यापकों की कमी के चलते विद्यालय छोडने तक की बात कह डाली। गांव में पानी की वर्षों पुरानी समस्या को लेकर जब महिलाओं और पुरूषों ने मुख्यमंत्री से बातचीत करनी चाही तो प्रशासन ने उन्हें खदेड़ दिया।