व्यापारी पिता-पुत्र का अपहरण कर ब्रेजा गाड़ी छिनने के मामले में भड़के व्यापारी
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
नई अनाज मंडी आढ़त की दुकान नंबर 99 के तेल व्यापारी हनुमान प्रसाद व उनके बेटे प्रदीप का अपहरण कर ब्रेजा गाड़ी लूटने के मामले में तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने पर व्यापारियों का गुस्सा बढ़ रहा है। इस मामले को लेकर अनाज मंडी आढ़त एसोसिएशन की बैठक प्रधान बजरंग लाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि बदमाशों की जल्द ही गिरफ्तारी नहीं हुई तो इस मामले को लेकर एसपी, सांसद व विधायक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
नई अनाज मंडी के तेल मील मालिक हनुमान प्रसाद व उनके बेटे प्रदीप कुमार का अपहरण कर गाड़ी छिनकर ले जाने के मामले में बुधवार को अनाज मंडी धर्मशाला में बैठक का आयोजन किया, जिसकी अध्यक्षता मंडी प्रधान बजरंग लाल ने की। बैठक में डीएसपी जगत सिंह मोर, सिटी एसएचओ जयसिंह, सीआई के अधिकारी भी उपस्थित थे। भिवानी व्यापार मंडल के अध्यक्ष जेपी कौशिक ने डीएसपी से हनुमान प्रसाद व उसके बेटे के अपहरण मामले में जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की। साथ ही साथ व्यापारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिवॉल्वर का लाइसेंस बनाए जाने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि जल्द ही गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह सांसद धर्मबीर सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक को मांगपत्र सौंपकर सुरक्षा की मांग करेंगे। मंडी के पूर्व प्रधान व जन सेवा स्कूल के अध्यक्ष सुभाष अग्रवाल ने कहा कि अगर अज्ञात व्यक्तियों को जल्द से जल्द नहंी पकड़ा गया तो वे मंडी बंद का ऐलान करेंगे। इस अवसर पर बजरंग लाल प्रधान, सुभाष अग्रवाल, रामअवतार तायल, संजय देवसरिया, दादरी गेट प्रधान प्रवीण गुप्ता, हालुवास गेट राजेश पाथलिया, अनाज मंडी उप चेयरमैन विजय लालावासिया, सुनील ठेकेदार, मदनजूसवाला, पवन शर्मा, टोनी, शिवम कौशिक आदि व्यापारी उपस्थित थे। डीएसपी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि इस मामले में पुलिस द्वारा छापे मारी की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किए जाए।