भगत सिंह को फांसी दिलाने के लिए हुड्डा परिवार ने दी थी गवाही: सैनी
तोशाम (भिवानी)। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी का कहना है कि भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु को फांसी दिलवाने के लिए हुड्डा परिवार, टोहाना का हरपाल परिवार और महाराज सिंधिया ने गवाही दी थी।
सांसद सैनी शनिवार देर शाम लोक निर्माण विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिन्ना ने भी स्पष्ट कर दिया था कि प्रधानमंत्री के तौर पर उन्हें सरदार पटेल मंजूर हैं, लेकिन महात्मा गांधी ने नेहरू को प्रधानमंत्री बनाना चाहा। इस पर जिन्ना ने साफ कहा कि नेहरू प्रधानमंत्री बने तो पाकिस्तान अलग से देश होगा। एक परिवार के स्वार्थ में देश का विभाजन कर दिया गया। सैनी ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी एक परिवार की गुलामी चल रही है। नेहरू-गांधी परिवार की वजह से चीन में हर घर में इंडस्ट्री है, जबकि हमारे देश में हर घर में बेरोजगारी।
सांसद सैनी ने जाट नेताओं पर भी जमकर कटाक्ष किए और उपस्थित लोगों से एकजुट होकर 2019 का युद्ध लड़ने की अपील की। उन्होंने जसिया में अभय चौटाला के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जाट होने की बात कहने वाले 36 बिरादरी का होने का ढोंग क्यों कर रहे हैं। सांसद सैनी ने कहा कि लठ के जोर पर प्रदेश को चलाया जा रहा है। खेद की बात है कि एक आदमी ने सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जींद रैली में पहुंचने तक को चैलेंज कर दिया और सरकार ने घुटने टेक दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पांच मुख्यमंत्रियों ने लोगों के साथ भेदभाव किया। अब समय आ गया है कि 2019 का युद्ध लड़ने के लिए कमर कस लें।
इस मौके पर अमन तंवर, राजेंद्र सैनी, विनोद, प्रदीप सैनी, सुरेश गुप्ता, रमेश बंसल, लक्षमण, संजय, तेलूराम, नरेश, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।