भिवानी। कोरोना वायरस की दूसरी लहर भी अब ढलान की ओर है। बुधवार का दिन राहत भरा रहा। 258 संक्रमित ठीक हुए तो पिछले करीब डेढ़ माह से उमड़ रही संक्रमितों की भीड़ के बीच महज 115 ही नए केस सामने आए। हालांकि आठ संक्रमितों की मौत हुई। अब तक जिले में 448 कोरोना संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं 19219 संक्रमितों में से 16256 ठीक हो चुके हैं। जिले में अब 2515 एक्टिव केस हैं। वहीं 1200 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। 1664 की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
पिछले करीब डेढ़ माह से सभी के लिए आफत बनी कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर पर अब थोड़ा नियंत्रण होने लगा है। बुधवार को 115 नए संक्रमित आए। जिसके बाद जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के साथ आमजन ने भी राहत की सांस ली है। पिछले डेढ़ माह के दौरान औसतन 450 से अधिक संक्रमित सामने आ रहे हैं। पिछले 19 दिन की बात करें तो 235 कोरोना संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं और 86204 नए संक्रमित सामने आ चुके हैं।
इन्होंने तोड़ा दम
- बहल की महिला की हुई मौत : बहल क्षेत्र की एक महिला की मौत की सूचना आई है। महिला का 15 मई को कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसकी रिपोर्ट 17 को पॉजिटिव आई। मगर महिला की 15 मई को ही मौत हो गई।
- कैरू के बुजुर्ग ने तोड़ा दम : कैरू क्षेत्र के 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित ने भी दम तोड़ दिया। व्यक्ति को लकवा की शिकायत हुई। जिसके बाद परिजन राजस्थान के सूरजगढ़ भी इलाज के लिए गए। इसी दौरान कोरोना संक्रमण ने घेर लिया। 10 मई को व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
- बामला के युवक ने तोड़ा दम : बामला गांव के 35 वर्षीय युवक ने कोरोना संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। युवक का 11 मई को कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसकी 14 मई को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मगर युवक की 12 मई को ही मौत हो गई।
- बख्तावरपुर की महिला ने तोड़ा दम : बख्तावरपुर की 46 वर्षीय महिला की भी कोरोना से मौत की सूचना आई है। इसके अलावा ढाणी शंकर के 26 वर्षीय युवक की हिसार के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 18 मई को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। युवक 28 अप्रैल से अस्पताल में उपचाराधीन था।
- कायला और देवनगर के युवकों ने तोड़ा दम : कायला गांव का 34 वर्षीय युवक भी कोरोना से जिंदगी की जंग हार गया। युवक को छह मई को अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, जहां 18 मई को मौत हो गई। देवनगर का 38 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ गया। इनके अलावा कृष्णा कॉलोनी की 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी कोरोना से जिंदगी की जंग हा गई। महिला केेे खांसी की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उन्हें सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया। 14 मई को महिला की मौत हो गई।
वर्जन-
ज्यादातर कोरोना संक्रमित ठीक हो रहे हैं, यह हमारे लिए राहत की बात है। कोरोना संक्रमितों की मौत अभी भी चिंता का विषय है। यह सब समय पर जांच न करवाने, इलाज में देरी के कारण हो रहा है। आज जरूरी है कि किसी तरह के लक्षण नजर आने पर अपनी जांच करवाएं और तुरंत उपचार शुरू करें। कोविड-19 सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें और जहां तक जरूरी न हो घर से बाहर न निकले।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन