कोरोना संक्रमण लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। शुक्रवार को भी कोरोना की वजह से आठ लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को 246 नए कोरोना संक्रमित केस भी सामने आए। 43 लोग कोरोना से ठीक हुए। जिले में कोरोना सक्रिय केस 1553 हो गए हैं। अब तक जिले में कोरोना की वजह से 219 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
अप्रैल के दौरान कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना की वजह से ही अप्रैल माह के अंतिम पखवाड़े में सबसे अधिक लोगों ने कोरोना की वजह से अपनी जान गंवाई। भिवानी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक कोरोना के 246911 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। शुक्रवार को भी कोरोना के 246 नए मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को कोरोना से 43 लोग ठीक भी हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में 554 लोग व शहरी क्षेत्र में 999 लोग कोरोना से संक्रमित हैं। ऑक्सीजन की मारामारी और बड़े शहरों में कोरोना के मरीजों को दाखिल करने की जद्दोजहद में शहर के निजी और सरकारी अस्पतालों में बने आइसोलेशन सेंटरों में भी दाखिल होने वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है। हालत यह है कि अधिकांश निजी व सरकारी अस्पतालों में बेड फूल हैं।
कोरोना के प्रति लोग सावधानी रखकर ही अपना बचाव कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार वैक्सीनेशन कर रहा है। इसी के साथ कोरोना की टेस्टिंग भी लगातार जारी है। जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही हैं उन्हें होम क्वारंटीन किया जा रहा है। जिनकी तबियत खराब हैं उन्हें आइसोलेशन में भी भर्ती कराया जा रहा है। हम लगातार अपील कर रहे हैं कि लोग जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई हिदायतों की पालना करें। -डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन, भिवानी।
इन लोगों ने गंवाई कोरोना से अपनी जान
चार दिन से आ रहा था बुखार, पॉजिटिव आई थी रिपोर्ट
गांव बीरन निवासी एक व्यक्ति की कोरोना की वजह से मौत हो गई। उसका 27 अप्रैल को कोरोना टेस्ट हुआ था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसे पिछले तीन चार दिन से लगातार बुखार आ रहा था। जिसके बाद उसे तोशाम अस्पताल में ले जाया गया। जहां से उसे जिला सामान्य अस्पताल भेजा था मगर यहां से वह घर चला गया था। इसी दौरान उसकी मौत हो गई।
सांस लेने में थी दिक्कत, बीपी से थी पीड़ित : ब्रह्मा कॉलोनी निवासी 77 वर्षीय एक महिला ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। उसकी 27 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला को सांस लेने में दिक्कत थी और खांसी के साथ उसे बीपी भी था। 29 अप्रैल की रात को उसकी मौत हो गई।
सांस लेने में थी परेशानी, हुई मौत : जाटुलुहारी निवासी 52 वर्षीय एक व्यक्ति ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। उसका 25 अप्रैल को जिला सामान्य अस्पताल में टेस्ट हुआ था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 26 अप्रैल को उसे सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। इसके बाद उसे तोशाम अस्पताल मे लाया गया। जहां पर उसकी तबियत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसी दौरान 27 अप्रैल को ज्यादा तबियत बिगड़ी और फिर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
मेटरनिटी अस्पताल में काम करने वाले ने गंवाई जान : एक युवक भी कोरोना से अपनी जिंदगी की जंग हार गया। 25 वर्षीय युवक एक मेटरनिटी अस्पताल में काम करता था। उसकी 28 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसका 27 अप्रैल को ऑक्सीजन लेवल कम होने पर जिला सामान्य अस्पताल के आपात विभाग में दाखिल कराया गया। उसकी उपचार के दौरान ही मौत हो गई।