लोहारू के चौ. बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स के साथ एनसीसी अधिकारी व अन्य।
लोहारू। चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय में 16 हरियाणा बटालियन एनसीसी कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई जिसमें कुल 73 कैडेट्स को प्रवेश दिया गया।
इनमें ए सर्टिफिकेट के लिए 15 छात्राओं और 39 छात्रों सहित 54 कैडेट्स तथा बी से सी सर्टिफिकेट के लिए 19 कैडेट्स शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और उनकी शारीरिक दक्षता, अनुशासन तथा एनसीसी के लिए योग्यताओं का परीक्षण किया गया।
भर्ती प्रक्रिया 16 हरियाणा बटालियन एनसीसी, नारनौल से सूबेदार संदीप कुमार एवं हवलदार अन्नू राणा की देखरेख में संपन्न हुई। प्रक्रिया के सुचारु संचालन में महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी डॉ. बजरंग, मोनिका तथा क्लर्क नरेश ने सक्रिय सहयोग किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य दलजीत सिंह ने नवचयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, राष्ट्रसेवा की भावना और जिम्मेदार नागरिक बनने के गुण विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से एनसीसी प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों में पूर्ण निष्ठा व उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
एनसीसी अधिकारी डॉ. बजरंग एवं मोनिका ने नवचयनित कैडेट्स को एनसीसी के उद्देश्यों, प्रशिक्षण और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को एनसीसी के आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ को जीवन में आत्मसात करने तथा अनुशासित रहकर राष्ट्रसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।