जिले के 46 वें बर्थडे पर काटा 46 किलो का केक
भिवानी। जिले के 46 वें बर्थ डे (स्थापना दिवस) पर 46 किलोग्राम का गुंद का बना केक एसडीएम व सिटी एसएचओ ने काटा। व्यापार मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एक-दूसरे को केक खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी।
शुक्रवार को गौड गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम सतीश कुमार ने कहा कि आज भिवानी जिले की स्थापना को 46 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इन 46 वर्षों में भिवानी जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में खूब तरक्की की। यह गर्व की बात है कि आज खेल, राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र में भिवानी के बहुत से लोग अपना नाम कमा रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शहर थाना प्रभारी श्रीभगवान ने अपराध मुक्त शहर बनाने में लोगों से सहयोग मांगा और कहा कि सब लोग संकल्पबद्ध हों तो यह काम आसान हो जाएगा।
नगर व्यापार मंडल के प्रधान भानुप्रकाश शर्मा ने कहा कि हमें स्वच्छ पर्यावरण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए इसके साथ ही अपने आस-पास के वातावरण को साफ रखना चाहिए।