अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
होनहार गरीब बच्चों को आईआईटी और नीट की नि:शुल्क कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए बच्चों का चयन परीक्षा के आधार पर होगा। दक्षिण हरियाणा क्षेत्र से 400 बच्चों का चयन होना है। भिवानी जिले में चयन के लिए परीक्षा नौ जुलाई को बाल भवन स्कूल में होगी। परीक्षा में मेडिकल और नॉन मेडिकल संकाय के 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले और 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण हो चुके विद्यार्थी भाग ले सकेंगे।
एडीसी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि सरकार की इस पहल में रेवाड़ी की विकल्प संस्था सहयोगी है। यह सामान्य जाति के बच्चों की कोचिंग का खर्च वहन करेगी। सामान्य जाति के 30 बच्चों का चयन होगा। अनुसूचित जाति, ओबीसी और घुमंतू जाति के बच्चों की कोचिंग का खर्च सरकार करेगी। उन्होंने बताया कि कोचिंग चयन के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा में 75 प्रतिशत या इससे ऊपर अंक हासिल करने वाले बच्चे ही पात्र हैं। बच्चे के परिवार की सालाना आय ढाई लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। 12 वीं कक्षा में पढ़ रहे या 12 वीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके बच्चों के लिए कोचिंग अवधि एक वर्ष, जबकि 11 वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थियों की कोचिंग अवधि दो साल होगी। बच्चों को एआईआईएमएस और आईआईटी के पास आउट निपुण शिक्षक कोचिंग देंगे। कोचिंग के लिए प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक बच्चे जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय के कार्यालय में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसके अलावा वे हेल्पलाइन नंबर 7738220764 पर अपनी शैक्षणिक योग्यता, मोबाइल नंबर, जिले और गांव का नाम, अपना नाम, पिता का नाम आदि जानकारी जरूर दें। इससे उनका पंजीकरण किया जा सकेगा।