लोगों के घरों में जाकर थर्मल स्क्रीनिंग करते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण अब लगातार जानलेवा बनता जा रहा है। शुक्रवार को कृष्णा कॉलोनी के 65 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। यह जिले में कोरोना पॉजिटिव की 31वीं मौत है। कोविड-19 नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार किया गया।
कोरोना वायरस खासकर बुजुर्गों और किसी न किसी बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। यही कारण है कि अब तक 31 कोरोना पॉजिटिव अपनी जान गवां चुके हैं। नया मामला कृष्णा कॉलोनी का है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग को छाती में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने पर 24 सितंबर को हिसार के जिंदल अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां कोरोना टेस्ट किया गया। 25 सितंबर को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बुजुर्ग को हालत गंभीर होने पर आईसीयू में रखा गया था। जहां शाम करीब सवा छह बजे इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। कोरोना पॉजिटिव बुजुर्ग की मौत की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बुजुर्ग के घर पहुंची और परिजनों के सैंपल जांच के लिए साथ लिए। वहीं कोविड-19 नियमानुसार बुजुर्ग के शव का अंतिम संस्कार किया गया।