अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
गांव बापोड़ा में घर की रसोई में सिलिंडर फटने से तीन लोग पूरी तरह से झुलस गए। सिलिंडर फटने के कारण रसोईघर पूरी तरह से तबाह हो गया और रसोई में पड़ी फ्रिज, इन्वर्टर और बिजली उपकरण पूरी तरह से जल गए। धमाका इतना जोर का था कि सिलिंडर दीवार से टकराने के बाद बाहर गली के बाहर पहुंच गया। रसोई में बनी स्लैब, दीवारें और छत को भी काफी नुकसान पहुंचा। रसोई में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी को सूचना दी गई। दमकल कर्मचारियों ने रसोई की आग पर काबू पाया।
यह घटना रविवार शाम छह बजे की बताई जा रही है। गांव बापोड़ा मेें उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर में सिलिंडर फटने से जोर दार धमाका हुआ। सिलिंडर फटने से तीन लोग बुरी तरह से झुलस गए। सिलिंडर दीवार से टकराने के बाद बाहर गली में जा गिरा। वहीं गली में बैठे एक व्यक्ति भी सिलिंडर की चपेट मेें आकर झुलस गया। घर मालिक जितेंद्र कुमार ने बताया कि वह दो दिन पहले ही नया सिलिंडर लेकर आया था, रविवार शाम को जब उसकी मां बिमला देवी खाना बनाने के लिए गैस जलाने लगीं तो अचानक सिलिंडर में आग लगने से बुरी तरह से झुलस गईं।
पिता राजेंद्र कुमार जब उसे बाहर निकालने के प्रयास किया तो वह भी बुरी तरह से झुलस गए। तभी गैस रसोई की दीवार से टकराकर बाहर गली में जा गिरा और गली में बैठा साधुराम भी गैस की चपेट में आ गया। पड़ोसियों ने सभी को भिवानी निजी अस्पताल में पहुंचाया। उन्होंने बताया कि गैस का धमाका इतना जोर का था कि रसोई की दीवार, रसोई स्लैब व अन्य पूरा सामान जल कर राख हो गया। आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई और दमकल की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंच रसोई की आग पर काबू पाया।
--
घर की दीवारों में आई दरारें
सिलेंडर फटने से घर व रसोई की दीवारों में भी काफी दरारें आ गईं और छत को भी काफी नुकसान पहुंचा गया। आग व सिलिंडर से तीन लाख तक का नुकसान हो गया।