दरार देख लोहारू पुल पर जाने से कतराने लगे राहगीर
भिवानी। शहर के लोहारू फ्लाईओवर के ढांचे की अनगिनत दरारें राहगीरों के लिए खतरा बन गया है। कई जगहों से रेलिंग का बड़ा हिस्सा टूट कर गिर चुका है। यदि शासन-प्रशासन जल्द फ्लाईओवर की सुध नहीं ली तो हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
तीन दशक से अधिक पुराने लोहारू फ्लाईओवर को अरसे से मरम्मत की जरूरत है, लेकिन इसके प्रति न तो नेशनल हाईवे अथॉरिटी गंभीर है और न ही प्रशासन। लोगों का कहना है कि पुल की मरम्मत को बरसों हो गए। अब पिछले तीन-चार साल से पुल की हालत और ज्यादा खराब हो गई। इस समय पुल के दोनों ओर की ग्रिल व रेलिंग इतनी डैमेज हो चुकी हैं कि शायद ही रिपेयर हो पाए। ज्यादातर जगहों पर रेलिंग की सीमेंट गिर चुकी है और सरिया दिखने लगा है। अंधेरा होने के बाद पैदल राहगीरों के लिए पुल की ओर जाना खतरे से खाली नहीं है। पुल की ज्यादातर लाइटें खराब हैं और दोनों ओर की रेलिंग न होने से किसी के साथ हादसा हो सकता है।
--
लोहारू फ्लाईओवर को मरम्मत की जरूरत है। इस बारे में पिछले साल मंत्रालय को इस्टीमेट बनाकर भेजा गया था। लेकिन, अब तक मंजूरी नहीं मिली है। इस बारे में सांसद धर्मबीर सिंह और खुद मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर भी मंत्रालय से संपर्क कर चुके हैं। विभाग की तरफ से इस्टीमेट मंजूर होने के तुरंत बाद पुल की मरम्मत करा दी जाएगी।
हनुमंत सांगवान, कार्यकारी अभियंता, नेशनल हाईवे अथॉरिटी
--
पुल पर जाना खतरे से कम नहीं है। ग्रिल खत्म हो चुकी हैं। निर्माण के बाद बमुश्किल एक-दो बार मरम्मत हुई होगी। प्रह्लादगढ़ से रोजाना शहर आना पड़ता है। अक्सर पुल से गुजरना पड़ता है। लेकिन, पिछले दो साल से आते-जाते समय डर लगता है।
सुधीर यादव, प्रह्लादगढ़
--
पुल की मरम्मत किए काफी समय हो गया है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। लाइट का भी कोई प्रबंध नहीं है। रात के समय यहां से जाना पड़ में डर लगता है। पुल की मरम्मत बहुत जरूरी है, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
बलबीर जांगड़ा
--
पुल की तरफ न तो प्रशासन का ध्यान है और न ही सरकार का। पूरे पुल में दरार ही दरार हैं। दिन-ब-दिन खतरा बढ़ता जा रहा है। शायद कोई हादसा हो जाएगा, तब सभी की नींद खुलेगी।
हरिचरण शर्मा
--
लोहारू पुल की हालत को देखते हुए सरकार को तुरंत मरम्मत करानी चाहिए। इस कार्य में और देरी ठीक नहीं है। मरम्मत नहीं हुई तो राहगीरों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन को पुल पर लाइट भी लगवानी चाहिए।
जगदीश प्रसाद
--