नवगठित खेल परिषद के पास रहेंगे बैंक खाते और राशि
भिवानी। जिला खेल परिषद के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अंशज सिंह की अध्यक्षता में नई जिला खेल परिषद की पहली बैठक सोमवार को हुई। उपायुक्त ने बताया कि अब पुरानी खेल परिषद के बैंक खाते, राशि व खेल सुविधाएं नव गठित खेल परिषद के अधीन होंगे।
उपायुक्त ने परिषद के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नियमित रूप से हो, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिले। उन्होंने कहा कि स्थानीय भीम स्टेडियम व जिले के अन्य खेल परिसरों में खेल सुविधाएं मुहैया करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को तराशा जाए और उनको आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं। उपायुक्त ने बताया कि जिले की सभी नगरपालिकाओं व खंडों में खेल परिषदों का गठन किया जाएगा।
नव गठित खेल परिषद में अध्यक्ष के अलावा पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस अधीक्षक, जिला परिषद चेयरमैन, भवन एवं लोक निर्माण के अधीक्षक अभियंता, कार्यकारी अभियंता, सभी राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी, सिविल सर्जन, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी व जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी शामिल हैं।
बैठक में जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ओला, जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा, सिविल सर्जन डा. रणदीप पूनिया, राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डा. सतबीर सिंह, राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय से सुनीता यादव, कार्यक्रम अधिकारी दीपिका बजाज, कार्यकारी अभियंता पीके बागड़ी, एईओ अनिल कुमार, कोच सुदंर सिंह, निरीक्षक पवन कुमार आदि मौजूद रहे।