छात्राओं और शिक्षकों ने नंदीशाला के लिए जुटाए 62 हजार
भिवानी।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं व स्टाफ सदस्यों ने 62 हजार रुपये एकत्रित किए। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश शर्मा व स्कूल प्राचार्य रमेश बूरा ने उपायुक्त अंशज सिंह को उनके कार्यालय में जाकर 62 हजार रुपये की राशि का चेक सौंपा।
उल्लेखनीय है कि नंदीशाला के संचालन के लिए आयोजित की गई बैठक में कुछ समाजसेवियों ने समृद्ध व्यक्तियों व स्कूली बच्चों से एक रुपया प्रतिमाह स्वेच्छा के हिसाब से देने का सुझाव दिया था। इस सुझाव को गंभीरता से लेते हुए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के साथ स्टाफ सदस्यों ने भी नंदीशाला के संचालन में अपना योगदान देने का निर्णय लिया। बूरा ने उपायुक्त को बताया कि इनमें से छात्राओं ने 11 हजार रुपये और स्टाफ के सदस्यों ने 51 हजार रुपये एकत्रित किए हैं। इस मौके पर प्राध्यापक महेश चंद्र, विजय, मौलिक मुख्याध्यापक राम सिह, कर्ण सिंह व हरिचंद आदि उपस्थित थे।