भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि शुक्रवार को बोर्ड की दसवीं हिंदी की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए छह लोग पकड़े गए। इनमें नूंह के पांच और हिसार का एक शामिल है। वहीं, प्रदेशभर में कुल 31 नकलची पकड़े गए। वहीं, परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर छह पर्यवेक्षक कार्यभार मुक्त किए गए।
बोर्ड सचिव के मुताबिक केंद्र अधीक्षक नूंह के रामिवि सोंख में दूसरे के स्थान पर चार, हाजी बक्शी मेमोरियल वमावि, सतपुतियाका नूंह में एक और गुरु जम्भेश्वर वमावि जवाहर नगर हिसार में एक पकड़ा गया। इनके खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। बोर्ड सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के उड़नदस्ते ने सोनीपत जिले के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
राकवमावि शामड़ी गोहाना (सोनीपत) के निरीक्षण के दौरान उड़नदस्ता केंद्र के नजदीक एक मकान पर पहुंचा। इस मकान में जांच के दौरान एक नोट बुक मिली, जिसके अंतिम पृष्ठ पर कुछ बच्चों के नाम, अनुक्रमांक व कोड सेट पाए गए। केंद्र अधीक्षक की ओर से सीटिंग प्लान की पुष्टि करते हुए पाया कि यह सेट कोड शुक्रवार को बच्चों का दिए गए प्रश्नपत्रों के अनुसार ही हैं।
इस पर मौके पर मौजूद सभी महिला पुरुषों व उनके मोबाइल फोन व नोट बुक को पुलिस के हवाले करते हुए थाना सदर गोहाना में शिकायत दर्ज कराई गई। उड़नदस्ते ने इसी केंद्र से जितेन्द्र टीजीटी-सीपीयू गीता गोहाना, अनु रानी टीजीटी-पीएचई हैप्पी उच्च विद्यालय, जागसी, कृष्ण कुमार टीजीटी-एसएस राउवि एसपी माजरा को परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही के कारण कार्यभार मुक्त कर दिया है। उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र राकउवि बिचपड़ी से मोनू हिंदी अध्यापक को केंद्र अधीक्षक को जारी निर्देशों का उल्लंघन करने पर कार्यभार मुक्त किया गया।
बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षा केंद्र विवेकानंद वमावि पिल्लुखेड़ा-3 में नियुक्त पर्यवेक्षक निशा टीजीटी, अमर वमावि अमरावली खेड़ा एवं भिवानी से संचालित परीक्षा केंद्र रावमावि अकबरपुर बरौटा में नियुक्त तिलकराज टीजीटी, रावमावि गढ़ मिरकपुर से डयूटी में कोताही बरतने के कारण ड्यूटी से कार्यभार मुक्त किया गया।
भिवानी के गांव चांग में बने परीक्षा केंद्र पर नियुक्त किया नया स्टाफ
बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षा केंद्र राकवमावि चांग-1 भिवानी पर उड़नदस्ते की ओर से निरीक्षण के दौरान वस्तुनिष्ठ प्रश्नपत्र हल पाए जाने के कारण 5 मार्च को संचालित हुई संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, ड्राइंग व संगीत विषयों की परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इस परीक्षा केंद्र पर नियुक्त स्टाफ को रिलीव कर नया स्टाफ नियुक्त कर दिया गया है।