अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। सर 17 दिन पहले गैस बुक कराया था, अभी तक सिलेंडर नहीं पहुंचा। भारत पेट्रोलियम गैस वितरकों के पास दिनभर इस तरह के फोन घनघना रहे हैं, मगर एक ही जवाब मिलता है गैस ऊपर से नहीं आई है। पिछले एक पखवाड़े से भिवानी जिले में भारत गैस उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारत गैस एजेंसियों पर ऑनलाइन बुकिंग कराने के 17 दिन बाद डिलीवरी नहीं की जा रही है। जिससे लोगों के चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं।
गैस को लेकर जिले में आ रही दिक्कत गैस वितरकों की वजह से नहीं बल्कि रिफाइनरी प्लांट में तकनीकी दिक्कतों के कारण चल रही है। गैस वितरकों का कहना है कि रिफाइनरी में मरम्मत का कार्य चल रहा है, जिससे आपूर्ति में थोड़ी दिक्कत चल रही है, जिसके कारण गैस की किल्लत है। वहीं गैस उपभोक्ता भी 15 से 17 दिन की चल रही वेटिंग सूची में सिलेंडर पाने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करने पर मजबूर हैं। वहीं एक गैस एजेंसी पर 15 से 20 हजार उपभोक्ताओं को जोड़ा गया है। भिवानी शहर के अंदर भारत गैस की दो मुख्य एजेंसियां हैं, जिन पर शहरी और ग्रामीण दोनों ही गैस उपभोक्ता हैं। जो गैस की सप्लाई नहीं होने से परेशान हैं
रोजाना है 500 से अधिक सिलेंडरों की खपत
भारत पेट्रोलियम रिफाइनरी में गैस आपूर्ति बाधित होने से हिसार का बोटलिंग प्लांट भी ठप हो गया है। जिससे भिवानी में एक गैस एजेंसी से रोजाना 400 से 500 गैस सिलेंडरों की खपत है, मगर आपूर्ति 100 सिलेंडर भी नहीं हो पाते। ऐसे में आनलाइन गैस बुक कराने के बाद उपभोक्ता एजेंसियों पर भी ऑफ लाइन बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर भी उपभोक्ताओं के बीच मारामारी बनी है।
भारत पेट्रोलियम की रिफाइनरी में मरम्मत के चलते गैस की आपूर्ति में दिक्कतें आ रही हैं। एरिया सेल्स आफिसर मुकुल जैन से बात कर हालातों का जायजा लिया है। उन्होंने गैस वितरकों को भी किसी तरह की कोई दिक्कतें नहीं होने देने की हिदायतें दी हैं। जल्द ही हालात सामान्य होने की उम्मीद है।
अनिल कालरा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक