अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। प्रशासन की ओर से बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों को बंद करने पर स्कूल संचालकों ने लघु सचिवालय में पहुंचकर प्रदर्शन किया और उपायुक्त से मांग की कि जब तक एगजीटिंग स्कूलों का विभागीय निपटारा नहीं हो जाता तब तक उपरोक्त स्कूलों पर कार्यवाही स्थगित की जाए।
मंगलवार को हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ संचालकों ने लघु सचिवालय के बाहर नारेबाजी करते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। स्कूल संचालकों का नेतृत्व जिला प्रधान घनश्याम शर्मा ने किया। जिला प्रधान घनश्याम शर्मा ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में प्राइवेट स्कूलों को स्थायी मान्यता प्रदान के लिए भूमि में छूट दिए जाने, स्कूलों की गाड़ियों पर पूर्ण रूप से टैक्स फ्री करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा प्राइवेट स्कूलों को बंद करना एक तरह से गैर वाजिब है। इससे लाखों शिक्षक बेरोजगार हो जाएंगे व इससे ज्यादा विद्यार्थियों का भविष्य भी अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह गरीब बच्चों व जनहित के खिलाफ है। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता उमेश भारद्वाज, शहरी उप प्रधान दलबीर सिंह, शहरी सचिव सतीश प्रजापत, प्रदेश उप प्रधान सतीश तंवर, जिला कोषाध्यक्ष आनंद लखेरा, मीनाक्षी, नवीता, मोनिका, नरेश कुमार, मुकेश कुमार सहित अनेक प्राइवेट स्कूल संघ संचालक उपस्थित रहे।