बेरला परीक्षा केंद्र पर हुआ गणित का पेपर रद्द
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। प्रदेश भर में चल रही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक, रि-अपीयर व मुक्त विद्यालय) की गणित विषय की परीक्षा के दौरान चरखी-दादरी जिले गांव बेरला के परीक्षा केंद्र पर हुई गणित का पेपर रद्द कर दिया गया। यह निर्णय बाहरी हस्तक्षेप की वजह से लिया गया। उधर, विभिन्न उड़नदस्तों ने नकल के 106 मामले दर्ज किए गए।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अधीक्षक (अध्यक्ष विशेष उड़नदस्ता) द्वारा परीक्षा केंद्र रावमावि बेरला-01 में परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण आज 19 मार्च को हुई सीनियर सेकेंडरी गणित विषय की परीक्षा रद्द की गई। इसके अतिरिक्त इस परीक्षा केंद्र पर तैनात सुपरवाइजर सीताराम, गणित अध्यापक, रावमावि द्वारका को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के विशेष उड़नदस्ते, हिसार द्वारा परीक्षा केंद्र रावमावि आदमपुर-02 (बी-01) से एक सुपरवाइजर तथा परीक्षा केंद्र गुरू जंभेश्वर वमावि हिसार-06 से एक सुपरवाजर को कार्यभार मुक्त किया गया।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त उपायुक्त उड़नदस्ते, फतेहाबाद द्वारा परीक्षा केंद्र बाल भारती वमावि फतेहाबाद-03 (बी-02) से दो सुपरवाइजर प्रियंका व राजकुमार, बाल भारती वमावि को कार्यभार मुक्त किया गया।
प्रवक्ता ने बताया कि सहायक निदेशक (सेकेंडरी) विशेष उड़नदस्ते द्वारा परीक्षा केंद्र अग्रसेन वमावि तोशाम-06 में तैनात सुपरवाइजर गणित अध्यापक, राउवि आलमपुर को ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया।
--
उड़नदस्तों ने दर्ज किए नकल के 106 मामले
प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के विशेष उड़नदस्तों द्वारा सभी जिलों का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें जिला फतेहाबाद, गुरूग्राम, हिसार, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, सिरसा एवं नूंह के परीक्षा केंद्रों में नकल के 19 केस पकड़े तथा बोर्ड सचिव के विशेष उड़नदस्तों द्वारा सभी जिलों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें जिला गुरूग्राम, झज्जर, जींद, रेवाड़ी एवं सोनीपत के परीक्षा केंद्रों में नकल के नौ केस पकड़े। उन्होंने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स ने नौ केस पकड़े तथा अन्य उड़नदस्तों द्वारा नकल के 63 मामले दर्ज किए गए। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड सचिव धीरेंद्र खड़गटा के उड़नदस्ते द्वारा रोहतक जिले के ग्रामीण एवं शहरी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया तथा नकल के 06 केस बनाएं।