भिवानी। जूई नहर में वीरवार देर शाम को 459 क्यूसेक पानी पहुंचा, जबकि मित्ताथल और सुंदर सब अभी बंद रहेगी। गर्मी के मौसम में सिंचाई विभाग की डिमांड से काफी कम पानी ही मिला है। हालांकि इस पानी से भी गंभीर जलसंकट से जूझ रहे शहरवासियों को थोड़ी राहत मिलेगी। शुक्रवार से शहरी दायरे के जलघर टैंकों को पानी की आपूर्ति की उम्मीद है।
जलघर के टैंक सूखने की वजह से दो से तीन दिन में पानी की आपूर्ति हो रही है। सिंचाई विभाग के शेड्यूल के हिसाब से 17 अप्रैल तक पानी मिलेगा। नहरों में पानी का स्तर बढ़ने की भी उम्मीद जताई जा रही है। लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए कभी जूई तो कभी मित्ताथल और सुंदर को बंद कर एक समय में एक नहर में ही पानी मिलेगा।
भिवानी के तीनों जलघरों के अंदर पानी का भंडारण खत्म हो चुका है। ऐसे में वीरवार देर शाम को जूई नहर में पानी पहुंच गया। हालांकि मोहला हैड से 518 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। लेकिन जूई नहर में फिलहाल 459 क्यूसेक ही पहुंचा है। जूई नहर से शहरी दायरे के जलघर टैंकों को आपूर्ति मिलेगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के जलघरों में भी पानी मिलेगा।
सिंचाई विभाग ने पेयजल जरूरतों के लिए ही इस पानी का प्रयोग किए जाने की हिदायतें भी दी हैं। फिलहाल सिंचाई के नहरों के आउटलेट बंद किए गए हैं। नहरों पर भी पानी चोरी की निगरानी के लिए गश्त बढ़ाई गई है। ऐसे में जलघर के टैंकों तक पानी की पर्याप्त आपूर्ति के लिए भी अधिकारी लगातार मॉनिरिंग भी करेंगे।
तीन दिन में नियमित होगी शहर की पेयजल आपूर्ति
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग अधिकारियों का दावा है कि नहर में पानी आने के तीन दिन में पेयजल आपूर्ति को नियमित कर दिया जाएगा। हालांकि शुरुआत में नहरों में कम पानी की वजह से जलघर टैंकों को भरने में थोड़ी दिक्कतें आएंगी, लेकिन जलघर टैंकों तक नहरी पानी की आपूर्ति शुरू होने के बाद पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। ऐसे में शहर के अंदर पानी को लेकर हाहाकार मचा है। वहीं गर्मी में पानी की डिमांड भी काफी बढ़ गई है। दिनभर अधिकारियों के पास भी पानी को लेकर फोन घनघना रहे हैं।
शहर के जलघर टैंकों को अभी नहरी पानी नहीं मिला है। शुक्रवार तक चैनल में पानी आता है तो उसे जलघर टैंकों तक पंपिंग स्टेशनों के माध्यम से लिफ्ट कर पहुंचाने का काम शुरू किया जाएगा। जलघर टैंकों में पर्याप्त भंडारण को लेकर अधिकारियों की बैठक लेकर भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। तीन दिनों में शहर की पेयजल आपूर्ति को भी नियमित कर दिया जाएगा।
-सुरज प्रकाश जैन एसडीओ शहरी पेयजल शाखा भिवानी।