गीता फौगाट ने 100 सेकेंड में दी महाराष्ट्र की पहलवान को मात
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
इंद्रधनुषी रोशनी की छटा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भारत केसरी दंगल का आगाज हुआ। शुरुआती मुकाबलों में हरियाणा की छौरियों ने धाकड़ प्रदर्शन किया। दंगल के पहले मुकाबले में गीता फौगाट ने महाराष्ट्र की वेदांतिका को महज 100 सेकेंड में चित्त कर दिया। वहीं रेलवे के पहलवान बजरंग पूनिया के समक्ष प्रतिद्वंद्वी पहलवान टिक नहीं पाए।
बुधवार दोपहर बाद भीम स्टेडियम में तीसरा भारत केसरी दंगल शुरू हुआ। हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने दंगल का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने हाथ मिलवाकर अंतरराष्ट्रीय पहलवान गीता फौगाट व महाराष्ट्र की वेदांतिका पवार के बीच पहला मुकाबला शुरू कराया। मुकाबले के पहले क्षण से ही गीता अपनी प्रतिद्वंद्वी पर भारी रहीं। 68 किलोग्राम भार वर्ग में गीता ने नेल्सन टेक्निक का शानदार प्रदर्शन किया और वेदांतिका को केवल 100 सेकेंड में चित्त कर दिया।
दूसरा मुकाबला 65 किलो भार वर्ग में रेलवे की ओर से खेल रहे अंतरराष्ट्रीय पहलवान बजरंग पूनिया और राजस्थान के पहलवान निर्मल बिश्रोई के बीच हुआ। हालांकि, बजरंग एकतरफा मुकाबला 10-0 से जीता, लेकिन निर्मल ने करीब पांच मिनट मुकाबला किया।
हरियाणा की मनीषा और महाराष्ट्र की अंकिता के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। मनीषा ने आक्रामक अंदाज में कुश्ती खेली। मनीषा ने जनेऊ (हैंड लॉक) और ईरानी टेक्निक का अच्छा प्रदर्शन किया। मनीषा ने 10-0 से मुकाबला जीता। 50 किलोग्राम भार वर्ग में गीता फौगाट की बहन ऋतु ने महाराष्ट्र की स्वाति को 12-0 से हराया।
अंतरराष्ट्रीय पहलवान साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत ने रेलवे की ओर से खेलते हुए राजस्थान के दुष्यंत को 7 के मुकाबले शून्य और 57 किलो ग्राम में रेलवे के नितिन ने राजस्थान के अनिल राठी को 3-1 शिकस्त दी। 57 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश के संदीप तोमर ने पंजाब के मनीष कुमार को 4-0 और 65 किलो भार वर्ग में उत्तर प्रदेश के मनोज कुमार ने पंजाब के करणजीत को चित्त किया। 57 किलो में दिल्ली के रवि कुमार ने मध्य प्रदेश के मुकुल वाजपेयी को 4-0 से हराया।
तीन दिवसीय दंगल मेें हरियाणा के अलावा पंजाब, महाराष्ट्र, रेलवे, राजस्थान, दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश की आठ टीम हिस्सा ले रही हैं। राज्यपाल ने द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर प्रसाद हिसार, गीता और बबीता के पिता एवं द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर सिंह फौगाट भिवानी, ध्यान चंद अवार्डी कुलदीप सिंह व अनिल मान सोनीपत, अर्जुन अवार्डी सत्यवान रोहतक, रमेश कुमार गुलिया सोनीपत, योगेश्वर दत्त सोनीपत, बजरंग पूनिया झज्जर, गीता फौगाट भिवानी, नेहा राठी फरीदाबाद, विरेंद्र सिंह झज्जर, अमित कुमार रोहतक, मनोज कुमार झज्जर, विरेंद्र सिंह भिवानी, मनोज कुमार झज्जर को सम्मानित किया। इस मौके पर खेल एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अशोक खेमका आदि मौजूद रहे।