नप में लंबित पड़े 200 भवनों के नक्शों का जल्द होगा निपटान
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
नक्शा पास करवाने के लिए चक्कर काट रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर परिषद लंबित पड़े नक्शों के निपटान के लिए दो दिन खुला दरबार लगाएगी। वीरवार 8 व 9 मार्च के इस खुले दरबार में नप के पास पहले से लंबित पड़े लगभग 200 नक्शों के बारे में शिकायत सुनी जाएगी। शिकायत सुनकर इन नक्शों का मौके पर ही निपटान किया जाएगा।
नगर परिषद में नक्शे पास करवाना लोगों के लिए मुश्किल बना हुआ है। पिछले करीब दो साल से 200 के करीब भवनों के नक्शे लंबित पड़े हैं। इन नक्शों में कई तकनीकी अड़चन आ रही है तो समय पर भवन स्थान का निरीक्षण न होने से ये नक्शे नप ऑफिस में लटके हुए हैं। नगर परिषद ने अब लोगों को इस मामले में राहत प्रदान करने के लिए खुला दरबार लगाकर इन नक्शों का निपटान करने का फैसला लिया है। इसके लिए वीरवार 8 मार्च व शुक्रवार 9 मार्च को नप कार्यालय में खुले दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिमसें नप चेयरमैन रणसिंह यादव, नप सचिव आरके महता सहित सभी अधिकारी व पार्षद नक्शों के मामले में लोगों की शिकायत सुनेंगे। साथ ही उनके नक्शों को पास करने के मामले मौके पर ही निपटाए जाएंगे। जिसमें सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक इस मामले में सुनवाई की जाएगी। नक्शा पास करवाने के लिए आने वाले लोगों को अपने कागजात साथ लेकर पहुंचना होगा।
--
नप द्वारा लंबित नक्शों के मामले में एक साथ सुनवाई कर इनका निपटान किया जाएगा, ताकि लोगों की परेशानी दूर हो सके। लंबे समय से नक्शों के बारे में शिकायत प्राप्त हो रही है। जिनका निपटान अब दो दिवसीय खुले दरबार के माध्यम से किया जाएगा।
रणसिंह यादव, चेयरमैन नगर परिषद