अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शिवरात्रि के लिए कांवड़ियों का आवागमन शुरू हो गया है। जिला पुलिस ने भी कांवड़ियों की सुरक्षा और आपराधिक किस्म के लोगों पर नजर रखने का प्लान तैयार किया है। प्लान के तहत जिले के 23 मुख्य मार्गों पर 24 घंटे पांच-पांच पुलिस कर्मी गश्त करेंगे। सुबह आठ से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की शहर में एंट्री बैन कर दी गई है। इस सख्ती से लागू करने के लिए शहर के एंट्री प्वाइंटों पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा शहर में आने वाले कांवड़ियों की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
शिवरात्रि 21 जुलाई को है। जिलेभर से बड़ी संख्या से युवा कांवड़ लेने हरिद्वार गए हैं। राजस्थान आदि के लोग भी कांवड़ लेकर शहर में आने लगे हैं। कांवड़ियों को सुरक्षा देने और कांवड़ियों के बीच कोई आपराधिक व्यक्ति किसी वारदात को अंजाम न दे सके, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। इसके लिए 23 मार्गों पर लगातार गश्त की जाएगी। साथ ही शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य ध्यान कांवड़ियों के लिए लगने वाले शिविरों पर रहेगा। यहां सादी वर्दी में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों, सीआईए टीम की भी ड्यूटी लगाई गई है।
सवारी वाहनों का भी शहर में प्रवेश रहेगा बंद
सवारी वाहनों मैक्सी कैब आदि का भी शिवरात्रि के शहर में प्रवेश बंद रहेगा। इन्हें रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज की ड्यूटी लगाई गई है। सुबह आठ से रात 10 बजे तक भारी वाहनों को को बाईपास होकर निकाला जाए। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में रोड सेफ्टी आर्गेनाइजेशन के सदस्यों की भी मदद ली जाए।
इन मार्गों पर होगी गश्त
खेरड़ी मोड़ से रोहतक चौक
महम बार्डर से महम चौक तक
मुंढाल से जेल बाइपास तक
तिगड़ाना मोड़ से हांसी रोड बार्डर हांसी
बवानीखेड़ा से गांव सोरखी बार्डर तक
बवानीखेड़ा से तोशाम बार्डर तक
बवानीखेड़ा से जमालपुर तक
वैश्य कॉलेज चौक भिवानी से गांव बीरण तक
लोहारू चौक भिवानी से जुई तक
लोहारू चौक भिवानी से कितलाना तक
लोहारू से जुई कलां तक
टी प्वाइंट सिंघानी से ओबरा चौक तक
बहल से झुप्पा रोड
बहल से ईश्रवाल रोड ओबरा चौक
ओबरा चौक से रोढा तक
झुप्पा से ईश्रवाल तक
सिवानी से तलवंडी रोड
सिवानी से मिरान
तोशाम से मिरान
तोशाम से कैरू चौक
तोशाम से दांग बस स्टैंड
तोशाम से खानक, पिंजोखरा, गारणपुर व दरियापुर बस अड्डा
लोहानी से देवराजा
शिवरात्रि पर कांवड़ियों को सुरक्षा मुहैया करवाने, ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्लानिंग बनाई गई है। कांवड़ियों के शिविरों पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस लगातार मुख्य मार्गों पर गश्त करेगी।
चंद्रपाल, डीएसपी हेड क्वार्टर