भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सोमवार को आयोजित दसवीं कक्षा की विज्ञान विषय की परीक्षा में 36 नकल के मामले सामने आए। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर सात पर्यवेक्षकों को तत्काल कार्यभार से मुक्त कर दिया गया। बोर्ड अध्यक्ष के उड़नदस्ते ने जींद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुडाखेड़ा में नकल का एक मामला दर्ज किया गया। अन्य उड़नदस्तों ने प्रदेश के विभिन्न केंद्रों में 35 और नकल के मामले पकड़े।
अध्यक्ष विशेष आरएएफ उड़नदस्ता ने शिकारपुर (हिसार) के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पर्यवेक्षक जयदीप सिंह जेबीटी को कार्यभार मुक्त किया। एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जींद-20 में पर्यवेक्षक सत्यवान पीजीटी संस्कृत के कक्ष में तीन नकल के मामले दर्ज होने पर उन्हें परीक्षा ड्यूटी से हटा दिया गया।
उपमंडल प्रश्न पत्र उड़नदस्ता बराड़ा (अंबाला) ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साहा-1 के पर्यवेक्षक सतीश शर्मा टीजीटी को उनकी विषयगत ड्यूटी होने के कारण मुक्त किया। पटौदी (गुरुग्राम) में एसएसडीएस राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैलीमंडी-1 (बी-1) में कक्षा 11 के सभी 24 परीक्षार्थी नकल में संलिप्त पाए गए। इस मामले में पर्यवेक्षक मनु पराशर टीजीटी को कार्यभार से मुक्त किया गया।
भिवानी के नियंत्रण कक्ष से संचालित एसटीएफ-4 ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चूली बागडियान (हिसार) के पर्यवेक्षक करण सिंह (सामाजिक विज्ञान) और लेघां (भिवानी) के पर्यवेक्षक प्रीती जेबीटी को लापरवाही के कारण परीक्षा ड्यूटी से मुक्त किया। बोर्ड ने कहा कि 17 मार्च को सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक और मुक्त विद्यालय) गणित विषय की परीक्षा में कुल 50,581 परीक्षार्थी शामिल होंगे और नकल रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाएगी।