भिवानी। वैश्य महाविद्यालय के सामने पंडित नेकीराम शर्मा डिस्पोजल में 35 एचपी की मोटर खराब हो गई। जबकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था के लिए 20 एचपी का एक अतिरिक्त पंप लगाना पड़ा। इसके जरिये डिस्पोजल टैंक से गंदे पानी को एक सीवर मैनहोल के जरिए बरसाती डिस्पोजल में डाला जा रहा है।
दिनोद गेट क्षेत्र में मुख्य सीवर लाइन की रुकावट की वजह से सरकुलर रोड सहित करीब आधे शहर का गंदा पानी नेकीराम शर्मा डिस्पोजल के जरिये वैश्य कॉलेज के पास बने बरसाती चैंबर से भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर भिवानी घग्गर ड्रेन में डाला जा रहा है।
नेकीराम शर्मा डिस्पोजल पर दो मोटर लगी हैं। इसमें एक 65 एचपी और दूसरी 35 एचपी की मोटर है। डिस्पोजल पर 35 एचपी की मोटर खराब हो गई है। जिसे हटा दिया है वहीं टैंक में जमा होने वाले शहर के गंदे पानी की निकासी के लिए 20 एचपी का एक अतिरिक्त पंप अधिकारियों ने लगवा दिया है। इससे टैंक के अंदर जमा होने वाला शहर का गंदा पानी बरसाती चैंबर से होकर शहर से बाहर निकासी किया जा रहा है।
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की मानें तो नेकीराम डिस्पोजल में बीटीएम रोड, डीसी कॉलोनी, रामनगर और जगत कॉलोनी, चिरंजीव कॉलोनी, बीटीएम लाइन की कॉलोनी का गंदा पानी डाला जाता है। मगर दिनोद गेट की मुख्य सीवर लाइन डैमेज होने की वजह से इस डिस्पोजल में सरकुलर रोड महम गेट, हांसी गेट, नेहरू पार्क, घंटाघर, कृष्णा कॉलोनी, दिनोद गेट, सराय चौपटा, नया बाजार, पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के आसपास के इलाके का गंदा पानी भी डाला जा रहा है।
इससे इस डिस्पोजल पर करीब आधे शहर के गंदे पानी का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में डिस्पोजल की मोटर या किसी उपकरण का खराब होना गंदे पानी की निकासी में बड़ी अड़चन बन सकता है। हालांकि जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अतिरिक्त पंप की तुरंत व्यवस्था करा दी है। इससे फिलहाल तो पानी की निकासी में कोई दिक्कत नहीं है।
नेकीराम शर्मा डिस्पोजल पर एक मोटर खराब हो गई है, जबकि बड़ी मोटर अभी भी चालू है। इसके अलावा यहां एक अतिरिक्त पंप लगाया हुआ है। गंदे पानी की निकासी का काम लगातार जारी है। फिलहाल डिस्पोजल पर किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है।
- आशीष कुमार, कनिष्ठ अभियंता, शहरी सीवरेज शाखा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी।