तोशाम। गांव अलखपुरा में भिवानी-घग्घर ड्रेन टूटने से करीबन सौ एकड़ में खड़ी कपास, बाजरे की फसल जलमग्न हो गई। जलभराव की स्थिति गांव तक पहुंच गई है। जल्दी ही ड्रेन की मरम्मत नहीं की गई तो गांव को भी खतरा हो सकता है। उधर सिंचाई विभाग की टीम घटना की जानकारी के बाद सोमवार सुबह मौके पर पहुंचकर ड्रेन को पाटने में जुट गई। आंदोलन कर चुके हैं।
एक बार फिर अलखपुरा के किसानों के सामने जलभराव की समस्या कहर बनकर टूट गई है। गांव के पास से निकल रही भिवानी-घग्घर ड्रेन अलखपुरा निवासी चांदीराम के खेत में ऑवरफ्लो होकर टूट गई है। भिवानी, मिताथल आदि इलाकों से जलभराव का पानी इस ड्रेन में आता है। जो गांव अलखपुरा के लोगों के लिए संकट बन गया है। ड्रेन के टूटने से एक सौ एकड़ के करीब फसल जलमग्न हो गई है। किसान नेता जगबीर सिंह ने बताया कि ड्रेन का पानी गांव के करीब पहुंच गया है। हालात ये ही रहे तो गांव में बाढ़ का खतरा है।
उन्होंने बताया कि जलभराव से सौ एकड़ से ज्यादा में खड़ी कपास, बाजरे की फसल प्रभावित हो गई है। किसान नेता ने सरकार व प्रशासन को तुरंत प्रभाव से नष्ट हुई फसल का जायजा लेने और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। ग्रामीण चांदीराम, दयानंद, सत्यवान, रामकुमार, रमेश, अंतराम, रतिराम आदि ने प्रशासन से समस्या के अतिशीघ्र समाधान की मांग की है। उधर घटना के बाद सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और नहर को पाटने में जुटी हुई है।