किशोर मुकुल जैन आज लेंगे दीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम
सप्ताहभर की कानूनी जद्दोजहद के बाद आखिरकार किशोर के दीक्षा लेने का रास्ता साफ हो गया। दीक्षा समारोह की पूर्व संध्या पर मंगलवार को दीक्षार्थी मुमुक्षु मुकुल जैन की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा मुमुक्षु मुकुल जैन के घर से शुरू होकर पूरे तोशाम में शंखनाद करती हुई सुरेंद्र सिंह खेल परिसर में मंगल भावना समारोह के लिए एकत्रित हुई।
मंगलवार को हरियाणा प्रांतीय जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुनिश्री किशनलाल ने कहा कि अनुस्त्रोत के मार्ग पर सभी चलते हैं, किंतु कुछ विरले होते हैं, जो प्रतिस्त्रोत का मार्ग अपनाते हैं और भौतिक सुखों को छोड़ शाश्वत सुख की खोज के लिए प्रस्थित होते हैं। मुकुल जैन संयम मार्ग पर अपने कदम बढ़ाने जा रहे हैं। उन्होंने मुमुक्षु मुकुल जैन के संयम जीवन के प्रति मंगलकामना की। साध्वी सुप्रभा ने कहा कि मुकुल जैन गृहस्थ जीवन त्याग कर संयम के मार्ग पर जा रहे हैं। उनकी यात्रा मंगलमयी हो और वह सदैव अपने प्रण पर अटल रहें तथा इसी तरह अपने परिवार, क्षेत्र व जैन धर्म का गौरव बढ़ाता रहे। दीक्षा समारोह के संयोजक पवन जैन ने मुकुल जैन को तोशाम का गौरव बताते हुए उसके आध्यात्म में प्रवेश पर कहा कि जैन श्वेताम्बर तेरापंथ की दीक्षा एक विलक्षण दीक्षा मानी जाती है। इसमें एक और जहां ज्ञान, दर्शन व चरित्र की आराधना होती है, वहीं दूसरी और एक मात्र गुरु के प्रति संपूर्ण समर्पण एवं अनुशासन की अनुपालना आवश्यक होती है। राजेंद्र जैन ने कहा कि तोशाम के युवक द्वारा जैन धर्म की दीक्षा लेकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस मौके पर दीक्षा समारोह के संयोजक पवन जैन, जैन सभा तोशाम के प्रधान राजेंद्र जैन, महासभा उपाध्यक्ष एडवोकेट सुरेंद्र जैन, प्रांतीय सभा के अध्यक्ष प्रमोद जैन, घीसाराम, अशोक जैन, जयकुमार जैन, विनय जैन, पूर्व सरपंच नानकचंद, विक्रम जैन, बिजेंद्र जैन, बिट्टू जैन, अनिल जैन आदि गणमान्य उपस्थित रहे।