डीएसपी ऑफिस शिफ्ट करने पर भड़के लोग, बाजार बंद का दिया अल्टीमेटम
लोहारू । डीएसपी कार्यालय स्टाफ समेत तोशाम शिफ्ट किए जाने के निर्णय की भनक लगते ही लोग भड़क उठे। व्यापार मंडल के सदस्य सड़क पर उतर आए और लघु सचिवालय परिसर में धरने पर बैठ गए। बाद में व्यापारियों ने मंगलवार तक निर्णय वापस लेने की मोहलत दी और ऐसा नहीं होने पर बाजार बंद का अल्टीमेटम दिया।
शुक्रवार को नगर के लोगों ने व्यापार मंडल की अगुवाई में स्थानीय लघु सचिवालय पहुंच कर डीएसपी कार्यालय शिफ्ट करने का जोरदार विरोध किया। इस दौरान एसडीएम तथा तहसीलदार कार्यालय में अधिकारी के मौजूद नहीं होने पर लोगों ने अपनी मांगों का ज्ञापन पत्र देने की बात पर अड़े रहते हुए लघु सचिवालय परिसर में करीब दो घंटे तक धरना दिया।
बाद में बहल के नायब तहसीलदार जगदीश चंद्र ने मौके पर पहुंच कर ज्ञापन लिया तथा लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग सरकार तक पहुंचा दी जाएगी। ज्ञापन में कहा गया है कि इस कार्य में भू-माफियाओं के साथ पुलिस विभाग कुछ अधिकारीगण भी मिले हुए हैं। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि लोहारू के डीएसपी कार्यालय को तोशाम स्थानांतरण किया गया तो लोग चुप नहीं बैठेंगे और अनिश्चितकालीन बाजार बंद का निर्णय लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। लोगों ने मांग की है कि जिस स्थान पर वर्तमान में डीएसपी कार्यालय बना हुआ है वहीं रहे और स्थायी रूप से डीएसपी की नियुक्ति की जाए।
--
शासन-प्रशासन को घेरा
कांग्रेसी नेता शीशराम मेचू तथा व्यपार मंडल के प्रधान राधाकृष्ण ने कहा कि लोहारू प्रदेश के सबसे पुराने उपमंडलों में से एक है और यहां के डीएसपी कार्यालय को तोशाम स्थानांतरण करना यहां की जनता के साथ भद्दा मजाक है। उन्होंने कहा कि लोहारू की जनता सरकार के इस प्रकार के फैसले का पुरजोर विरोध करेगी और इसके लिए अगर जरूरत पड़ी तो आंदोलन से परहेज नही किया जाएगा। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है जिस स्थान पर लोहारू का डीएसपी कार्यालय बना हुआ है वह शहर के बीचों-बीच है तथा इस भवन की कीमत करोड़ों में है। इसी वजह से भूमाफिया इस भवन को खाली करवाकर कब्जाना चाहते हैं।
इस मौके पर सुमित्रा चौधरी, सचिव राजकुमार अग्रवाल, रतन अग्रवाल, पूर्व पालिका प्रधान धनपत सैनी, पूर्व पालिका प्रधान हरपाल वर्मा, संजय खंडेलवाल, रामसिंह कटासरिया, देवी सिंह सोनी, धनपत्त फरटीया, किसान नेता उम्मेद फराटीया आदि मौजूद रहे।
--
डीएसपी की स्थायी नियुक्ति करने की मांग
शुक्रवार दोपहर बाद करीब साढ़े चार बजे मंडी परिसर में व्यापार मंडल की अगुवाई में उक्त मुद्दे को लेकर बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि यदि मंगलवार तक सरकार लोहारू में स्थायी रूप से डीएसपी की नियुक्ति नहीं की गई तो बुधवार से लोहारू के बाजार को बंद रखा जाएगा। बैठक में यह भी तह किया गया कि यदि इस दौरान किसी भी भूमाफिया द्वारा डीएसपी कार्यालय भवन पर कब्जे का प्रयास किया तो नगर के लोग मिलकर इसका विरोध करेंगे।
--
तहसीलदार और नायब तहसीलदार का पद रिक्त
व्यापार मंडल की अगुवाई में नगर के लोग डीएसपी कार्यालय स्थानांतरण के विरोध में ज्ञापन पत्र देने लघु सचिवालय पहुंचे तो एसडीएम तथा तहसीलदार कार्यालय में अधिकारियों की मौजूदगी के अभाव के चलते लोगों ने धरना शुरू कर दिया। ज्ञात रहे की लोहारू एसडीएम अवकाश पर थे तथा लोहारू में फिलहाल तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के पद रिक्त है। बाद में बहल के नायब तहसीलदार जगदीश चंद्र ने लोहारू में पहुंच कर लोगों से ज्ञापन लिया।