बस किराया 15, वसूल रहे 20 रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम
तोशाम से संडवा रोडवेज बस किराया मामले में विभाग के लिखित जवाब के उलट पांच रुपये अधिक किराया वसूला जा रहा है। रोडवेज महाप्रबंधक द्वारा 25 दिन पहले शिकायतकर्ता को पत्र के माध्यम से संडवा का किराया 15 रुपये होने की बात कही। बावजूद इसके किराया 20 रुपये वसूला जा रहा है। शिकायतकर्ता को विभाग की ओर से तोशाम से संडवा की बताई गई दूरी पर भी एतराज है।
ग्रामीण विकास संगठन के उप-प्रधान सुखबीर कालीरामण द्वारा पिछले दिनों सीएम विंडो में शिकायत कर तोशाम से संडवा का बस किराया तय रेटों से अधिक वसूले जाने की शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि तोशाम से गांव की तय दूरी से 2 से तीन किलोमीटर अधिक दर्शाया जा रहा हैं। जिसका खामियाजा बतौर किराये के रूप में ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। 24 जुलाई को रोडवेज महाप्रबंधक का पत्र शिकायतकर्ता संडवा निवासी सुखबीर के पास पहुंचा है। पत्र के माध्यम से बताया गया है कि संडवा जाने वाली जो बसें वाया आलमपुर जा रही हैं उनका किलोमीटर 22 होने की वजह से किराया 20 रुपये लिया जा रहा है वहीं सीधे संडवा की दूरी 20 किलोमीटर है ऐसे में संडवा को तोशाम से सीधे जाने वाली बसों में किराया 15 रुपये वसूला किया जा रहा है। रोडवेज महाप्रबंधक के इस पत्र के उलट सीधे जाने वाली बसों में अब भी किराया 20 रुपये ही वसूला जा रहा है। सुखबीर सिंह ने बताया कि पत्र को मिले 25 दिन होने के बावजूद 5 रुपये ज्यादा किराया वसूला जा रहा है। सुखबीर सिंह ने रोडवेज विभाग द्वारा तोशाम से संडवा की दूरी पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दूरी को अब भी गलत दर्शाया जा रहा है। सुखबीर सिंह ने वाया होकर जाने वाली बस में किराया ज्यादा वसूले जाने की बात को भी हास्यास्पद बताया है। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में संस्थान प्रबंधक रामफल टाला ने बताया कि उच्च अधिकारियों से उनको ऐसे किसी पत्र की कॉपी नहीं मिली है। किराये को लेकर उच्च अधिकारियों के जो भी आदेश मिलेंगे, तुरंत लागू होंगे।