भिवानी। जिला पुलिस विभाग में 31 विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की भर्ती 23 फरवरी को पुलिस लाइन भिवानी में की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। पहले से सेवा में कार्यरत एसपीओ के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती प्रक्रिया पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, चेयरमैन भर्ती कमेटी की अध्यक्षता में संपन्न होगी। पुलिस बल की बढ़ोतरी के लिए सेना एवं अर्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त कर्मचारी, भंग की गई एसएसआईएसएफ बटालियन के हटाए गए कर्मचारी, एचएएफ तथा वर्ष 2004 में हरियाणा सशस्त्र बल से हटाए गए कर्मचारी साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। हरियाणा के किसी भी जिले के निवासी पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को 23 फरवरी को सुबह सात बजे पुलिस लाइन भिवानी में उपस्थित होना अनिवार्य है।
वे अपने साथ पासपोर्ट आकार के चार फोटो, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, सेवानिवृत्ति संबंधी प्रमाणपत्र, मूल प्रमाणपत्र तथा सेवानिवृत्ति के समय जारी मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र सहित सभी दस्तावेजों की मूल प्रतियां लेकर आएं। चयन से पूर्व साक्षात्कार लिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की अवधि के लिए 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा, जो नकद न देकर उनके बैंक खाते में जमा कराया जाएगा।
भर्ती के समय किसी प्रकार की लिखित परीक्षा या शारीरिक मापतोल नहीं होगा। नियुक्ति पत्र जारी करने से पहले चिकित्सकीय परीक्षण तथा चरित्र एवं पूर्ववृत्त का सत्यापन किया जाएगा। विशेष पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था, गार्ड ड्यूटी, पेट्रोलिंग, यातायात तथा अन्य पुलिस संबंधी ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
उन्हें 15 दिन का प्रशिक्षण पुलिस लाइन भिवानी में दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर आपातकालीन स्थिति में राज्य के किसी भी जिले में अल्प अवधि के लिए तैनात किया जा सकता है। हालांकि एक्स सर्विसमैन को उनके गृह पुलिस थाने में तैनात नहीं किया जाएगा लेकिन यथासंभव उनके निवास के निकट थानों में तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। भर्ती के समय दो जोड़ी वर्दी तथा अन्य आवश्यक वर्दी संबंधी वस्तुओं के लिए 3,000 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे।