-बिजली निगम ने लोहारू, जींद और रोहतक रोड पर चिह्नित की तीन नए 33 केवी पावर सब स्टेशनों के लिए भूमि
-गांव देवसर, तिगड़ाना और एचएसआईडीसी की भूमि पर बनेंगे तीनों नए पावर सब स्टेशन, प्रत्येक पर खर्च होंगे 10 से 12 करोड़
-शहर के बाहरी दायरे में आबाद हुई 35 से अधिक कॉलोनियों व 15 गांवों को मिलेगा फायदा, लंबी लाइनों की वजह से ओवरलोड चल रहे फीडर
भिवानी। पिछले करीब डेढ़ दशक में शहर डेढ़ गुना बढ़ गया है। इसी के साथ बढ़ी हुई आबादी और बाहरी कॉलोनियों और आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति के लिए नए सब स्टेशनों की दरकार है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने शहर के लोहारू, जींद और रोहतक मार्ग पर ग्राम पंचायतों की भूमि को चिह्नित किया है। इन पर जल्द ही तीन नए 33 केवी पावर सब स्टेशनों का निर्माण होगा। प्रत्येक सब स्टेशन निर्माण पर करीब 10 से 12 करोड़ का बजट भी निगम खर्च करेगा।
शहरी और ग्रामीण दायरे के कई फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। शहर के बाहरी दायरे में आबाद हुई करीब 35 से अधिक कॉलोनियों और आसपास के 15 गांवों को फायदा मिलेगा। भिवानी और चरखी दादरी जिले की साढ़े 21 लाख की आबादी को बिजली आपूर्ति का जिम्मा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के भिवानी सर्कल के कंधों पर है।
भिवानी और चरखी दादरी जिले में 468 गांवों के अलावा कस्बों व शहरी दायरे में बिजली आपूर्ति दी जा रही है। 18 सब डिविजनों के अंतर्गत करीब साढ़े सात सौ फीडरों का संचालन भी हो रहा है। अकेले भिवानी शहर व इसके आसपास के गांवों में करीब 30 से अधिक फीडरों का संचालन किया जा रहा है जिन्हें शहरी तर्ज पर चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति का दावा है।
ढांचागत सुविधाएं बढ़ीं फिर भी कम नहीं हो रहा ओवरलोड
शहर के ढाणा रोड, दादरी गेट, मिनी बाईपास क्षेत्र के अलावा रोहतक रोड के गांव निनान व नया बाईपास तक कोई भी पावर सब स्टेशन नहीं है। इस हिस्से को गांव हालुवास के 132 केवी पावर सब स्टेशन से आपूर्ति मिल रही है। हालुवास का पावर सब स्टेशन भी चरखी दादरी के 220 केवी पावर सब स्टेशन से चल रहा है। लोहारू रोड और दादरी रोड पर बनी नई कॉलोनियों की आबादी को बिजली आपूर्ति के लिए नया 33 केवी सब स्टेशन बनाने की जरूरत है ताकि इसके जरिए लंबी बिजली लाइनों को छोटा किया जा सके और पहले से चल रहे ओवरलोड फीडरों पर लोड कम हो।
नगर परिषद ने किया भूमि देने से इन्कार
नगर परिषद ने 33 केवी सब स्टेशन निर्माण के लिए बिजली निगम को भूमि देने से इन्कार कर दिया है। हालांकि, कई बार यह मुद्दा प्रशासन के समक्ष भी उठ चुका है लेकिन नगर परिषद के पास कुछ प्राइम लोकेशन हैं जहां पर नगर परिषद भूमि से खुद की आमदनी बढ़ाने पर विचार कर रहा है जबकि सब स्टेशन निर्माण के लिए जगह मुहैया कराने को तैयार नहीं है। लोहारू और दादरी रोड ऑटो मार्केट विश्वकर्मा मंदिर के समीप नगर परिषद की करीब छह से आठ एकड़ भूमि है जहां पहले भी निगम 33 केवी सब स्टेशन निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर चुका है मगर भूमि के अभाव में यह मामला खटाई में पड़ गया। संवाद
फोटो: 06
ढाणा रोड और नए बाईपास के निर्माण के बाद शहर का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। ढाणा रोड, कोंट रोड, रोहतक गेट हुन्नामल प्याऊ निनान गांव तक आवासीय क्षेत्र आबाद हो चुका है। इसी तरह दादरी रोड पर भी गांव हालुवास तक आवासीय व कॉमर्शियल क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है लेकिन यहां बिजली का पावर सब स्टेशन नहीं है। शहरी दायरे में होने के बावजूद भी इन इलाकों को ग्रामीण क्षेत्र की तरह किस्तों में बिजली मिल रही है। निगम को चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति मुहैया कराने के लिए जल्द से जल्द नए सब स्टेशन बनाने चाहिए।
-सुरेश सैनी सामाजिक कार्यकर्ता।
फोटो: 07
सर्कुलर रोड के बाहर दादरी गेट से हनुमान ढाणी और कोंट रोड तक का घनी आबादी का बड़ा आवासीय क्षेत्र पिछले डेढ़ दशक में विकसित हुआ है। यहां पर नए आवासीय मकान बने हैं जिनमें लोगों ने बिजली कनेक्शन भी लिया है और इसका लोड फीडरों पर बढ़ा है। कई कॉलोनियों में तो खंभे की जगह लकड़ी की बल्ली का सहारा दिया जा रहा है। अगर सब स्टेशन बनेगा तो नए फीडर भी बनेंगे और सुचारु रूप से लोगों को बिजली मिलेगी। लंबे अर्से से लोगों की ये मांग रही है।
-विनोद प्रजापति पार्षद
वर्जन:::::
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम शहरी और आसपास के ग्रामीण फीडरों पर बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए ठोस कदम उठा रहा है। इसी के तहत गांव देवसर की भूमि पर 33 केवी नया सब स्टेशन जल्द निर्मित कराया जाएगा। इसकी प्रक्रिया चल रही है। इसी तरह, गांव तिगड़ाना में भी 33 केवी सब स्टेशन का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। वहीं, रोहतक रोड पर गांव निनान के समीप एचएसआईडीसी की भूमि पर 33 केवी पावर सब स्टेशन निर्माण के प्रस्ताव का खाका तैयार किया जा रहा है। संभवत: यहां पर भी नया सब स्टेशन बन जाएगा। इसके बाद शहर की बाहरी आवासीय कॉलोनियों और ग्रामीण दायरे में बिजली आपूर्ति पहले से काफी बेहतर होगी।
-जितेंद्र ढूल, अधीक्षक अभियंता, भिवानी सर्कल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।